NOIDA: रणदीप भाटी का शार्प शूटर और 50 हजार का इनामी माया त्यागी एनकाउंटर में ढेर, कई बड़े-बड़े हत्याकांड में था शामिल
नोएडा सेक्टर-126 क्षेत्र में शनिवार रात को हुई पुलिस मुठभेड़ में रणदीप भाटी गैंग से जुड़ा 50 हजार का इनामी शार्प शूटर अमन उर्फ माया त्यागी ढेर हो गया।
- भारत
- 3 min read
नोएडा सेक्टर-126 क्षेत्र में शनिवार रात को हुई पुलिस मुठभेड़ में रणदीप भाटी गैंग से जुड़ा 50 हजार का इनामी शार्प शूटर अमन उर्फ माया त्यागी ढेर हो गया। वह बादलपुर थाने का वॉन्टेड अपराधी था। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में उसे कई गोलियां लगीं। घायल हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
डीसीपी प्रीति यादव ने बताया कि 31 अक्टूबर की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि SOG टीम और सेक्टर 126 की पुलिस तलाशी अभियान चला रही है। चेकिंग के लिए एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी भी घायल हो गया। मौके को तुरंत घेर लिया गया और घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अपराधी की मौत हो गई।
मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी अमन त्यागी के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस अपराधी पर 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित था। हाल ही में, उसने अपने साथियों के साथ मिलकर थाना बादलपुर क्षेत्र में फायरिंग की एक घटना को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में मामला दर्ज है और कानूनी कार्रवाई चल रही है।
जिले के कई चर्चित हत्याकांड में नाम सामने आया
माया त्यागी का नाम पश्चिमी उत्तर प्रदेश और नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के कई चर्चित हत्याकांडों में सामने आया था। पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा के देवेंद्र भाटी हत्याकांड में उसकी भूमिका बताई गई थी। इसके अलावा झुम्मनपुरा के ठेकेदार की हत्या और जुनपत गांव में हुए दोहरे हत्याकांड में भी उसका नाम शामिल रहा। पुलिस ने जुनपत में राजकुमार शर्मा और उसके गनर की हत्या के मामले में भी उसकी भूमिका को अहम माना था। इन घटनाओं के बाद से ही वह पुलिस के रडार पर था। लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।
रणदीप भाटी और अनिल दुजाना गैंग से था जुड़ाव
पुलिस के मुताबिक, अमन उर्फ माया त्यागी का संबंध कुख्यात रणदीप भाटी और अनिल दुजाना गैंग से था। वर्ष 2019 में भी थाना फेज-2 पुलिस के साथ माया त्यागी की मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, जेल से बाहर आने के बाद वह फिर वारदात करने लगा।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 1 November 2026 at 08:43 IST