अपडेटेड 6 April 2025 at 23:44 IST
Ram Navami: दो लाख दीपों की रोशनी से जगमगाई रामनगरी, आलौकिक दिखा अयोध्या का नजारा
6 मार्च को रामनवमी के मौके पर अयोध्या उल्लास में डूबी दिखाई दीं। सरयू नदी के किनारे दो लाख दीये जलाए गए।
Ayodhya: रामनवमी के मौके पर अयोध्या दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। सरयू नदी के किनारे दो लाख दीये जलाए गए। दीपों से जगमगाती नगरी को देख ऐसा लग रहा है मानों पूरी अयोध्या 'राममय' हो गई हो।
6 मार्च को रामनवमी के मौके पर अयोध्या उल्लास में डूबी दिखाई दीं। रामनगरी को लाइटों और दीपों से सजाया गया। प्रभु राम लला के जन्म उत्सव के खास अवसर पर चौधरी चरण सिंह घाट पर लगभग 2 लाख 51 हजार दीपों को एक साथ जलाया गया जिससे पूरी अयोध्या प्रकाश से अलोकित हो उठी।
दीपों की रोशनी से जगमगाई रामनगरी
शाम के वक्त चौधरी चरण सिंह घाट पर दीपों की जगमगाहट ने श्रद्धालुओं का मन प्रसन्न करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। चारों तरफ रोशनी, सजावटें और खुशियों से भरपूर माहौल रहा। रामनगरी की हवा में खुशी और उत्साह भरा दिखा। पूरे नजारे ने दीवाली जैसा अहसास कराया। इस दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए 15 स्कूलों के बच्चों ने वालंटियर के तौर पर हिस्सा लिया था। बच्चों ने दीप जलाने से घाट पर व्यवस्था संभालने तक का जिम्मा उठाया। इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है जिसमें घाट बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है।
रामलला के ललाट पर सूर्य तिलक
आज राम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। रामजन्मोत्सव पर रामलला ने रत्न जड़ित पीले वस्त्र और सोने का मुकुट धारण कर भक्तों को दर्शन दिए। दोपहर में ठीक 12 बजे भगवान सूर्य ने रामलला के ललाट पर तिलक किया। भगवान सूर्य की किरणें रामलला के मस्तक का चार मिनट तक अभिषेक करती रहीं। इसके साथ ही श्री राम के जयकारे लगते रहे। सूर्य तिलक को सही तरीके से कराने के लिए इसरो के साथ देश के विभिन्न आईआईटी के वैज्ञानिक इसका पूर्वाभ्यास करते रहे। शनिवार को अंतिम बार इसका सफल ट्रायल किया गया था। इस मौके का साक्षी बनने के लिए देश ही नहीं विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचे। आने वाले भक्तों पर ड्रोन से सरयू के पवित्र जल की फुहारों से बारिश कराई गई। अध्यात्म और विज्ञान के इस अद्भुत संगम को हर कोई अपनी आंखों में बसाने को लालायित दिखा। वहीं जो श्रद्धालु अयोध्या नहीं पहुंच सके उन सभी ने अपने-अपने घरो से ही श्री रामलला के महामस्तकाभिषेक का लाइव टेलिकास्ट देखा।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 6 April 2025 at 21:48 IST