'मैं क्षत्रिय हूं...',रामजी लाल ने राणा सांगा विवाद पर अखिलेश को बैकफुट पर धकेला, तो पोस्टर के जरिए डैमेज कंट्रोल कर रही सपा?
सपा के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के राणा सांगा पर दिए गए विवादित बयान पर सपा ने अब क्षत्रियों को मनाने के लिए इस पोस्टर से डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है।
SP Doing Damage Control on Controversial Statement on Rana Sanga by SP Leader Ramji Lal Suman: समाजवादी पार्टी के नेता रामजी लाल सुमन के राणा सांगा को लेकर राज्यसभा में दिए गए विवादित बयान पर एक ओर जहां सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव बैकफुट पर हैं तो वहीं समाजवादी पार्टी के नेता सौरभ सिंह ने लखनऊ के समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर एक पोस्टर लगाया है जिसमें उन्होंने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी क्षत्रियों का सम्मान करती है। सपा के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के विवादित बयान पर सपा ने अब क्षत्रियों को मनाने के लिए इस डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है। इस पोस्टर में लिखा है,'...मैं क्षत्रिय हूं... मैं समाजवादी हूं और समाजवादी ही रहूंगा।' सपा नेता सौरभ सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव क्षत्रियों का सम्मान करते हैं।
इस पोस्टर के माध्यम से समाजवादी पार्टी के नेता सौरभ सिंह ने अखिलेश यादव को क्षत्रियों का हितैषी बताया है। सौरभ सिंह ने प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज विधानसभा सीट से साल 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में सौरभ सिंह को बुरी तरह से शिकस्त मिली थी। वो वोट पाने वाले नेताओं में 10वें नंबर पर थे। सपा नेता सौरभ सिंह ने पोस्टर में लिखा सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जान से मारने की धमकी देना गलत मामले की हो जांच अखिलेश यादव ने कभी नहीं दिया क्षत्रियों के विरोध में बयान।
कौन हैं सपा नेता सौरभ सिंह?
समाजवादी पार्टी के नेता सौरभ सिंह ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में जनता ने उन्हें बुरी तरह से नकार दिया था। वो इस विधानसभा सीट पर वोट पाने के मामले में 10वें नंबर पर थे। सौरभ सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी, सुनैना सिंह सेंगर ने अप्रैल 2022 में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत में बताया था कि उनके पति, उनकी सास और उनके ससुर ने मिलकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की। इसके अलावा वो हमेशा उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया करते थे। सौरभ सिंह की पत्नी सुनैना सिंह को सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके परिवार से करीबी संबंध बताया जाता है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सौरभ सिंह को सपा का टिकट दिलाने में भी सुनैना की अहम भूमिका रही थी।
राणा सांगा पर दिए गए सपा नेता रामजी लाल सुमन के विवादित बयान से चढ़ा यूपी का सियासी पारा
सपा नेता रामजी लाल सुमन के राणा सांगा को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद से उत्तर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है। रामजी लाल सुमन के बयान को लेकर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और सपा पर इतिहास का अपमान करने का आरोप लगाया है। राम जी लाल सुमन ने अपने एक बयान में राणा सांगा की भूमिका और विरासत पर सवाल खड़े किए, जिसे राजपूत समाज और कई राजनीतिक दलों ने अपमानजनक करार दिया। बीजेपी और अन्य दलों ने सपा नेतृत्व से स्पष्टीकरण की मांग की है, वहीं कई जगहों पर विरोध-प्रदर्शन भी शुरू हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ताओं ने इस बयान को समाजवादी पार्टी की "विभाजनकारी राजनीति" का हिस्सा बताया है और कहा है कि सपा जानबूझकर ऐतिहासिक प्रतीकों का अपमान कर सामाजिक ध्रुवीकरण की कोशिश कर रही है। वहीं सपा की ओर से अब तक कोई औपचारिक सफाई नहीं आई है, लेकिन पार्टी के कुछ नेताओं ने इसे रामजी लाल सुमन की "व्यक्तिगत राय" बताया है।
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 18 April 2025 at 17:39 IST