लखनऊ में हिंदूवादी नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या, फॉर्च्यूनर कार में मारी गोली; फिर नहर में फेंका शव

लखनऊ में हिंदूवादी नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। दुबग्गा थाना क्षेत्र के पास नहर में उनका शव बरामद हुआ है।

 
Follow :
Pro-Hindu Leader Dhirendra Pratap Singh Shot Dead in Lucknow | Image: Social Media

Pro-Hindu Leader Shot Dead in Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हिंदूवादी नेता और महाराणा प्रताप वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक वारदात को उनकी ही फॉर्च्यूनर गाड़ी के अंदर अंजाम दिया गया। इसके बाद उनके शव को दुबग्गा इलाके के पास एक नहर में फेंक दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। मृतक धीरेंद्र प्रताप सिंह मूल रूप से उन्नाव जिले के रहने वाले थे, लेकिन वर्तमान में वह लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में रह रहे थे।

पुलिस ने नहर से शव किया बरामद

रिपोर्ट्स के अनुसार, सराय प्रेमराज नगर स्थित छोटी नहर में रविवार शाम कुछ राहगीरों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला और शिनाख्त की कोशिश की। इसके बाद शव की पहचान धीरेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई। 

ड्राइवर समेत दो संदिग्ध हिरासत में 

शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे जमीनी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। धीरेंद्र की पत्नी ने उनके ड्राइवर पर अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने ड्राइवर समेत दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ में जुटी है। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

पत्नी की तहरीर पर अपहरण का मामला हुआ था दर्ज 

पुलिस के अनुसार, ममता सिंह द्वारा दर्ज कराई गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उनके पति धीरेंद्र प्रताप सिंह के ड्राइवर ने अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर धीरेंद्र का अपहरण कर लिया है। इस गंभीर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया और मामले के जल्द खुलासे के लिए तत्काल 6 विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की।

शव और गाड़ी बरामद 

पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच के दौरान यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि ड्राइवर ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर धीरेंद्र की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतक के शव और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी दोनों को बरामद कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस हिरासत में ड्राइवर 

उन्होंने आगे कहा कि इस हत्याकांड के दो मुख्य संदिग्धों, जिनमें ड्राइवर और उसका एक अन्य सहयोगी शामिल है, को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी में पता चला है कि उन्नाव की एक जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: 'जाति का चश्मा पहनकर यूपी की व्यवस्था उल्टा-पुल्टा...', जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना; PDA फॉर्मूले पर भी उठाए सवाल
 

 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 30 August 2026 at 20:13 IST