अपडेटेड 14 February 2025 at 12:17 IST
महाकुंभ से बड़ी खबर, किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी पर जानलेवा हमला; आशीर्वाद लेने के बहाने घोंपा चाकू
महाकुंभ मेले में किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी और उनके शिष्यों पर गुरुवार की देर शाम जानलेवा हमला हुआ।
Kinnar Akhara Mahamandaleshwar Kalyani Nand Giri Stabbed: महाकुंभ मेले में किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी और उनके शिष्यों पर गुरुवार की देर शाम जानलेवा हमला हुआ। हमले के बाद अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी और किन्नर अखाड़े के अन्य सदस्यों को एंबुलेंस में सेक्टर 2 के स्वरूप रानी अस्पताल ले जाया गया। किन्नर अखाड़े के एक सदस्य का दावा है कि वो कार से जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब कल्याणी नंद गिरी किन्नर अखाड़े से निकलकर अपनी फॉर्च्यूनर कार से सदियापुर अपने घर जा रही थीं। रास्ते में संगम लोवर मार्ग पर कुछ लोग आशीर्वाद लेने के बहाने उनकी कार को रोकते हैं। जैसे ही कल्याणी गिरी अपनी कार से बाहर निकलीं, कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान बचाव में आए उनके तीन शिष्यों पर भी हमलावरों ने हमला किया।
रास्ते में हमलावर लगाए बैठे थे घात
जिस तरह महामंडलेश्वर कल्याणीनंद गिरि पर हमला हुआ उससे अनुमान है कि हमलावर उन पर हमला करने की पहले ही योजना बना चुके थे। अस्पताल में मौजूद वैष्णवीनंद गिरि ने बताया कि हमलावर पहले से रास्ते में घात लगाए हुए थे।
DIG बोले- दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेंगे
DIG वैभव कृष्ण ने बताया- पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और घटना के पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी है।
कुछ दिनों पहले महामंडलेश्वर हिमांगी सखी पर हुआ था हमला
कुछ दिनों पहले इसी अखाड़े की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी पर हमला हुआ था। हिमांगी सखी पर ये हमला उस वक्त हुआ जब वो सेक्टर आठ स्थित अपने कैंप में थी। खुद पर हमले का आरोप हिमांगी सखी ने आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी पर लगाया था। उन्होंने कहा कि ममता कुलकर्णी महामंडलेश्वर बनाए जाने को लेकर किए गए सवालों की वजह से उन पर ये हमला हुआ है। हालांकि लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने इन आरोपों से पूरी तरह इनकार कर दिया था।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 14 February 2025 at 12:17 IST