PM मोदी का वाराणसी दौरा आज, नमो घाट पर देखेंगे भव्य एयर शो, अरविंद मिल यूनिट का करेंगे उद्घाटन; जानिए दिनभर का शेड्यूल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वाराणसी पहुंचेंगे, जहां वें अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी भारतीय वायुसेना के शौर्य के साक्षी बनेंगे।
- भारत
- 3 min read
PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। वह भारतीय वायु सेना के 94वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर आयोजित शानदार 'एरियल डिस्प्ले' के आखिरी दिन विशेष रूप से इस भव्य हवाई प्रदर्शन के साक्षी बनेंगे।
जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी का आधिकारिक कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट (लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा) पहुंचने के साथ शुरू होगा। इसके बाद सुबह लगभग 10:30 बजे वह हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद के लिए रवाना होंगे, जहां वे नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट (अरविंद मिल) का उद्घाटन करेंगे।
पीएम मोदी का पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत
फिर दोपहर करीब 12:00 बजे प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से वापस पुलिस लाइन लौटेंगे और 12:15 बजे सड़क मार्ग से नमोघाट के लिए प्रस्थान करेंगे। पुलिस लाइन से नमोघाट के रास्ते में जगह-जगह पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता द्वारा उन पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया जाएगा।
'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो देखेंगे प्रधानमंत्री
दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे के बीच प्रधानमंत्री नमोघाट पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। यहां वे भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' एरियल डिस्प्ले देखेंगे।
सीएम योगी ने परखी तैयारी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी के आगमन से पहले भारतीय वायुसेना के एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के समापन समारोह को लेकर सर्किट हाउस में अधिकारी और प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीएम योगी ने खास तौर पर कहा कि एयर शो देखने आने वाले लोगों को गंगा घाटों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, अनावश्यक बैरिकेडिंग से बचे जाने के निर्देश दिए, जिससे की आम लोगों की आवाजाही बाधित न हो।
एयर शो में 15-20 लाख लोगों का आगमन?
DM वाराणसी सत्येंद्र कुमार ने नमो घाट पर आयोजित IAF के भव्य एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' के बारे में बताते हुए कहा, 'वाराणसी में पहली बार यह एयर शो का कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। जनता में इसे लेकर बहुत उत्साह है। शो 22 अक्टूबर से शुरू होकर 25 अक्टूबर तक चलेगा। यह शो गंगा नदी के ऊपर से होते हुए फ्लाईपास्ट होगा। हम अपेक्षा कर रहे हैं कि बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे। जो पहले के एयर शो हुए हैं उसमें 15 से 20 लाख लोगों का आगमन हुआ है। हम लोगों की भी तैयारियां 15 से 20 लाख लोगों के लिए होंगी। 300 हेक्टेयर गंगा किनारे की जमीन का समतलीकरण किया गया है। उसकी बैरिकेडिंग करके उसको तैयार कराया गया है। लोगों की पानी की आवश्यकता सुनिश्चित की गई है। हम लोगों ने जो स्ट्रीट वेंडर्स हैं उनकी भी उपलब्ध रहने की व्यवस्था बनाई है। रामनगर और पक्के घाटों की तरफ स्ट्रीट वेंडर्स मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में 1000 से ज्यादा हमारे स्वयंसेवक जुड़ रहे हैं।'
भुवनेश्वर रवाना होंगे पीएम मोदी
बताया जा रहा है कि दोपहर 2:00 बजे नमोघाट पर आयोजित एयर शो के समापन के बाद पीएम मोदी सड़क मार्ग से वापस पुलिस लाइन आएंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिये बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वाराणसी दौरे के समापन के बाद प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से सीधे अपने भुवनेश्वर (ओडिशा) के लिए उड़ान भरेंगे।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 25 October 2026 at 07:20 IST