594 किलोमीटर लंबा, 12 जिलों की कनेक्टिविटी, 21 इंटरजेंज... PM मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, यहां जानें पूरा रूट डिटेल

UP Ganga Expressway Inauguration: प्रधानमंत्री मोदी ने 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर दिया है। इससे साथ ही मेरठ से प्रयागराज तक का सफर अब बेहद आसान हो जाएगा।

Follow :  
×

Share


PM Modi inaugurates Ganga Expressway | Image: Republic

PM Modi news: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (29 अप्रैल) हरदोई में उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण कर दिया है। 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे पश्चिमी यूपी को पूर्वी यूपी से जोड़ेगा। इसके साथ ही मेरठ से प्रयागराज तक का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा।

2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 दिसंबर को इस एक्सप्रेसवे की नींव रखी थी। अब 5 साल बाद उन्होंने इसका उद्घाटन कर दिया है। 

12 जिलों को जोड़ेगा एक्सप्रेसवे

36 हजार करोड़ से ज्यादा लागत से बने इस एक्सप्रेसवे की डिजाइन स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा है, जो यूपी की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई रफ्तार देने वाला है। एक्सप्रेसवे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जुड़ापुर दांडू गांव पर समाप्त होता है। यह गंगा नदी से लगभग दस किलोमीटर की दूरी पर बनाया गया है जिससे पर्यावरण संतुलन बना रहे। यह 12 जिलों को जोड़ता है, जिसमें मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज शामिल हैं।

6-7 घंटे में पूरा होगा सफर

इसके अलावा कुल 519 गांवों से गुजरते हुए इसमें 21 इंटरचेंज, दो मुख्य टोल प्लाजा, दो अतिरिक्त मुख्य टोल प्लाजा और 19 रैंप टोल प्लाजा बनाए गए हैं। अब तक मेरठ से प्रयागराज के बीच की दूरी तय करने में 10 से 12 घंटे लगते हैं, लेकिन इस एक्सप्रेसवे के जरिए सफर मात्र 6 से 7 घंटे में पूरा हो जाएगा।

शाहजहांपुर के पास 3.2 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप भी बनाई गई है, जहां  आपात स्थिति में वायुसेना के विमान उतर सकते हैं। साथ ही रूट के किनारे 12 इंडस्ट्रियल नोड विकसित किए जा रहे हैं, जिनके लिए पहले ही 47,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आ चुके हैं।

एक्सप्रेसवे के जरिए गढ़मुक्तेश्वर, प्रयागराज कुंभ, अयोध्या और वाराणसी जैसे धार्मिक-पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी। इतना ही नहीं आगे आने वाले समय में इसे हरिद्वार और बलिया तक बढ़ाने की भी योजना है।

एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स कितना है?

गंगा एक्सप्रेसवे पर टू-व्हीलर चालकों को भी टोल टैक्स देना होगा। टू-व्हीलर के लिए 1.28 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से टोल टैक्स तय किया गया है। वहीं, कार और हल्के वाहनों के लिए 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर की दर रखी गई है।

यह भी पढ़ें: काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे पीएम मोदी, षोडशोपचार विधि से शुरू किया विशेष पूजन
 

 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 29 April 2026 at 12:59 IST