'सपा के आतंकराज में दलितों-पिछड़ों को नंगा नाच करवाया, तैयार रहिए बराबर हिसाब लूंगा आपसे', मंत्री ओपी राजभर ने फिर दी अखिलेश को खुली चुनौती
सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर अब अपनी पोस्ट के जरिए सपा के शासनकाल में दलितों-पिछड़ों पर जुर्म करने का आरोप लगा रहे हैं। साथ ही अखिलेश यादव को खुली चुनौती हुए कहा है कि एक-एक जिले का बराबर हिसाब लूंगा।
- भारत
- 3 min read
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच शुरू हुई जुबानी जंग रूकने का नाम नहीं ले रही है। सोशल मीडिया के जरिए दोनों एक दूसरे पर हमला बोल रहे हैं। राजभर पर अब अपनी पोस्ट के जरिए सपा के शासनकाल में बिगड़ी कानून-व्यवस्था और दलितों-पिछड़ों पर जुर्म करने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने अपने पोस्ट की शुरुआत सपा का आतंकराज - पार्ट 1 से किया है।
सुभासपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में लिखा है, सपा का आतंकराज - पार्ट 1 अखिलेश यादव जी! कल ही मैंने कहा था कि रोज एक जनपद में आपके 'आतंकराज' की घटना याद दिलाकर बताऊंगा। बुलंदशहर वाली निंदनीय घटना की तरह ही आपके जंगलराज की एक और वीभत्स मिसाल सीतापुर से सामने ला रहा हूं।
सपा ने दलितों-पिछड़ों पर जुल्म ढाए-राजभर
पोस्ट में एक घटना का जिक्र करते हुए लिखा है, ‘याद कीजिए, 6 मार्च 2012 को सत्ता का जनादेश मिलते ही आप लोगों का दलितों-पिछड़ों के खिलाफ नंगा नाच शुरू हो गया था। अभी सरकार भी नहीं बनी थी, सिर्फ जीते थे तभी से आप लोगों का आतंकराज शुरू हो गया था। जनादेश मिलने के दो दिन के अंदर ही 8 मार्च 2016 को आपके बेलगाम सपाई गुंडों ने सीतापुर के रेवसा के बिंबिया गांव में दलितों के 13 घर जला दिए। सिर्फ इसलिए क्योंकि दलितों ने सपा को वोट नहीं दिया था।’
सीतापुर की इस घटना का किया जिक्र
राजभर ने आगे लिखा है, ‘इसी सीतापुर में 21 दिसंबर 2015 को लहरपुर थाने के पट्टी देहलिया गांव में दलित बस्ती के 35 घरों में आग लगा दी गई। बस इसलिए क्योंकि दलितों ने प्रधानी चुनाव में सपा प्रत्याशी को वोट नहीं दिया। दो मासूम दलित बच्चों को जिंदा जला दिया गया। आपका सपाई प्रधान खुद अपने हाथों से घरों में आग लगा रहा था। परिवार रो-रोकर गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन आपके सपाई गुंडों ने कोई रहम नहीं किया। बच्चे जलकर राख हो गए, बस्ती खाक हो गई।’
ऐसे होती थी आपकी मुगलिया बर्बरता। वो सब दृश्य याद आते ही हम अति पिछड़ों का खून खौल जाता है, हमारे दलित भाइयों की आत्मा कांप उठती है। आपकी सरकार में वोट न देने की 'सजा' में बहुजनों पर ऐसे बर्बर ढंग से अत्याचार होते थे। चुनाव जीतते ही आपके सपाई गुंडों का दु:साहस इतना बढ़ जाता था कि वो खुलेआम जुल्म ढाते थे और आप और आपका पूरा सिस्टम चुप्पी साधे बैठा रहता था।
तैयार रहिए, बराबर हिसाब लूंगा आपसे-राजभर
अखिलेश जी आपकी सपा सरकार के उस 'आतंकराज' को याद करके आज भी प्रदेश की जनता का रोम-रोम सिहर उठता है। तैयार रहिए, एक-एक जिले का बराबर हिसाब लूंगा आपसे। अब देखना होगा कि राजभर के इन गंभीर आरोपों पर अखिलेश क्या पलटवार करते हैं?
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 14 July 2026 at 09:38 IST