'अखिलेश जी, खबर पता चल गई न?', अंकित बालियान मर्डर केस के दो शूटर्स के एनकाउंटर पर बोले ओपी राजभर
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटरों को यूपी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। इसे लेकर ओपी राजभर ने सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश जी खबर पता चल गई है न?
- भारत
- 3 min read
OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: सुलेहदेव भारतीय समाज पार्टी यानी सुभासपा के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या मामले में शामिल दो शूटरों के एनकाउंटर का जिक्र करते हुए राजभर ने सपा प्रमुख को आड़े हाथों लिया।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखकर कहा, 'अखिलेश जी, खबर पता चल गई न? जिस अंकित बालियान की हत्या पर आप राजनीति करना चाहते थे, उसके हत्यारे वहीं पहुंच गए जहां उनकी सही जगह थी-यानी नर्क में!'
राजभर ने अखिलेश यादव पर लगाया आरोप
उन्होंने आगे लिखा, 'किसी बेटे की लाश पर 'जाट' लिखकर राजनीति करना संवेदना नहीं, बल्कि सौदागरी है। हत्या मानवता के खिलाफ एक संगीन अपराध है, यह किसी गोत्र की जागीर नहीं है।' उन्होंने प्रहार करते हुए कहा कि आपको जाट समाज की याद तब आई है जब चुनाव आने वाला है।
जनता सब देख रही- राजभर
राजभर ने कहा कि जनता बहुत समझदार है और वह सब देख रही है। वह आपकी जातिवादी राजनीति को भी समझती है और प्रदेश में पुलिस की मजबूत कानून-व्यवस्था के राज को भी भली-भांति देख रही है। उन्होंने अपने पोस्ट का अंत जय भारत! जय श्रीराम! जय श्री कृष्ण! जय परशुराम! जय महाराज सुहेलदेव! के साथ किया।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान बुधवार शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट पर शामली के शहर कोतवाली इलाके में एक जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौत हो गई।
दो शूटर्स एनकाउंटर में ढेर
इसके बाद से पुलिस चारों आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज में चार लोग दो मोटरसाइकिलों पर आते और गोली चलाने के बाद भागते हुए दिखाई दिए थे। इसके आधार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज चार में से दो कथित शूटरों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। मारे गए दोनों आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मोहित और सुमित की कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास पुलिस से मुठभेड़ हुई। इसी दौरान जवाबी फायरिंग में दोनों को गोली लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 31 August 2026 at 10:21 IST