'आप गंगा जी में खड़े होकर कहें, तो भी कोई नहीं मानेगा', ओपी राजभर का अखिलेश के लॉ एंड ऑर्डर सुधारने वाले वादे पर प्रहार
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के यूपी में सपा की सरकार बनने पर लॉ एंड ऑर्डर सुधारने वाले वादे पर राजभर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आपका राज हो और अपराध न हो, यह कोई मान ही नहीं सकता है।
- भारत
- 2 min read
OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: सरकार बनने पर यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने जो वादा किया है, उस पर योगी सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश गंगा में खड़े होकर भी कसम खाएं कि उनके शासनकाल में अपराध नहीं होगा, तो भी कोई यकीन नहीं करेगा।
सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ओपी राजभर ने पोस्ट करते हुए लिखा, 'मित्र अखिलेश जी, आपकी सरकार में जमकर तांडव हुआ, ये पहले हम कहते थे लेकिन आज आपने खुद मान लिया। इसीलिए कसम खा रहे हैं न कि अब गुंडई नहीं होगी?'
सपा प्रमुख पर राजभर का तंज
उन्होंने आगे कहा, 'यह कसम तो आपने होटल के हॉल में खाई है। अगर आप गंगा जी में खड़े होकर भी कहें कि आपके राज में अपराध नहीं होगा तो भी कोई नहीं मान सकता।'
'उसके लिए नीयत होनी चाहिए, जो आप में नहीं है'
राजभर ने प्रहार करते हुए कहा कि महज नारा देने या फिर वादा कर देने से जुर्म कम नहीं हो जाता है। उसके लिए भी नीयत होनी चाहिए। लेकिन यह आप में नहीं है। उन्होंने मजबूती से टक्कर देने का संकेत देते हुए कहा कि आइए चुनाव में, मजा आएगा।
अखिलेश यादव ने क्या वादा किया?
अखिलेश यादव ने कहा, 'मैं आपको भरोसा दिलाता हूं, मैं वचन देता हूं कि अगली साल जब हम सत्ता में आएंगे, किसी भी कीमत पर कोई भी गुंडागर्दी, माफियागिरी, जमीन पर कब्जे, अवैध वसूली, डराना-धमकाना और महिलाओं के प्रति अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अपराधी चाहे किसी जाति का हो, किसी धर्म का हो या किसी पार्टी का हो/किसी भी पार्टी से संबंध रखता हो उसे कारागार भेज दिया जाएगा।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 27 November 2026 at 09:45 IST