'राजनीति AC कमरे और AI वीडियो से नहीं, पसीना बहाकर होती है', राजभर की अखिलेश को नसीहत, कहा- 2027 में जनता साइकिल का हैंडल तक गायब कर देगी

ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव को एआई का इतना ही शौक है, तो उन्हें अपनी पार्टी का नाम 'समाजवादी पार्टी' से बदलकर 'एआई-वादी' पार्टी रख लेना चाहिए।

 
Follow :
Akhilesh Yadav OP Rajbhar | Image: ANI/File Photo

OP Rajbhar on Akhilesh Yadav: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर हर रोज मीडिया बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट लिखकर समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साध रहे हैं। अब उन्होंने एक बार फिर उन्हें घेरते हुए कहा कि वह जमीन पर पसीना बहाने के बजाय एसी कमरों में बैठकर AI वीडियो के जरिए राजनीति कर रहे हैं। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर अखिलेश को एआई का इतना ही शौक है, तो उन्हें अपनी पार्टी का नाम 'समाजवादी पार्टी' से बदलकर 'एआई-वादी' पार्टी रख लेना चाहिए।

ओपी राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'मित्र अखिलेश यादव जी, ऐसा लगता है जैसे सैफई महोत्सव ना मना पाने के मलाल में आप महोत्सव वाला शौक 'एआई' से पूरा कर रहे हैं। इतना ही शौक है तो क्यों नहीं अपनी पार्टी का नाम 'समाजवादी' से बदलकर 'एआई-वादी' रख लीजिए।'

पिता के सिद्धांतों को नौटंकी बना दिया- राजभर

उन्होंने आगे सपा के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव का जिक्र करते हुए लिखा, 'जिस दल की स्थापना आपके पिता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी ने स्वर्गीय जय प्रकाश नारायण, राम मनोहर लोहिया, आचार्य नरेन्द्र देव, कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह और जनेश्वर मिश्रा जी के सिद्धांतों पर की थी, उसे आपने एआई वाली 'नौटंकी' बनाकर रख दिया है। जो भी सच्चा समाजवादी है, वह अब यह देखकर निराश है कि धरतीपुत्र कहे जाने वाले स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव का ‘बबुआ’ एसी कमरे में बैठकर एआई वीडियो बनाकर खुशफहमी का शिकार हुए जा रहा है। अंग्रेजी गानों पर फर्जी वीडियो बनाकर खयाली पुलाव पका रहा है।'

October 25, 2026

'चांदी के चम्मच' का जिक्र कर कसा तंज

अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए राजभर ने आगे लिखा, 'अरे मेरे चांदी के चम्मच लेकर पैदा होने वाले परम मित्र, राजनीति गांव, गरीब, किसान के बीच जाकर और पसीना बहाकर होती है। मोबाइल की स्क्रीन पर नाच-गाना करने और एआई रील बनाने से नहीं! गांव में लोग अब पूछने लगे हैं कि आप पिछले 10 साल से सत्ता से बाहर हैं। कोई सरकारी काम नहीं है, ना ही कोई जवाबदेही है। चाहते तो हर रोज प्रदेश के एक गांव में जाकर एक-एक व्यक्ति से मिल सकते थे, लेकिन आपने 10 साल एसी-पीसी और ट्विटर पर केवल समय बर्बाद किया। अब जब जमीन खिसक चुकी है, तो जनता के बीच जाने के बजाय एआई का चश्मा लगाकर अपने चाटुकारों का मन बहला रहे हैं?'

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दी चेतावनी

ओपी राजभर ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, 'याद रखिएगा, उत्तर प्रदेश का गैर यादव पिछड़ा और बहुजन अब आपके झांसे में नहीं आने वाला। अति पिछड़ों और बहुजनों को ऐसा नेता नहीं चाहिए जो खेत-खलिहान छोड़कर इंटरनेट पर मसखरी करे। 2027 में यूपी की गरीब जनता आपके एआई वीडियो वाली राजनीति का ऐसा बुखार उतारेगी कि साइकिल का हैंडिल-पैंडिल तक ढूंढते रह जाएंगे।'

यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तान भला J&K का शुभचिंतक कैसे?', फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भड़की बीजेपी, दिलीप घोष बोले- 50-60 साल से की यही राजनीति, अब नहीं चलेगी
 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 25 October 2026 at 10:51 IST