बेटा तलाश रहा था, खून से लथपथ सड़क पर गिरे थे पिता...नोएडा हिट एंड रन केस में ऑडी चालक अबतक लापता

नोएडा में कंचनजंगा मार्केट के पास रविवार सुबह बेकाबू ऑडी कार की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।

 
Follow :
Elderly man killed in Noida after being hit by speeding Audi | Image: X/ Screen Grab

Noida Hit and Run: नोएडा में कंचनजंगा मार्केट के पास रविवार सुबह बेकाबू ऑडी कार की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। मृतक के बेटे ने अज्ञात चालक के खिलाफ सेक्टर-24 थाने में शिकायत दी है। पुलिस शहर में विभिन्न जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।

थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-53 निवासी प्रदीप कुमार साह ने बताया कि उनके पिता जनक देव रोजाना की तरह रविवार सुबह टहलने निकले थे। शिकायत के मुताबिक जब वह काफी देर तक नहीं लौटे तो प्रदीप ने उन्हें तलाशना शुरू किया। इसी दौरान प्रदीप ने अपने पिता को सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पाया।

स्थानीय लोगों ने शिकायतकर्ता को बताया कि अज्ञात ऑडी गाड़ी का चालक जनक देव को टक्कर मारकर फरार हो गया है। मृतक के परिजनों ने इस तरह का आरोप भी लगाया कि प्रदीप और उसके परिवार के अन्य सदस्य कई घंटे तक मामला दर्ज कराने के लिए पुलिस चौकी और थाने के चक्कर लगाते रहे। 

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विद्यासागर मिश्र ने बताया कि मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि कार चालक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित कर दी गई है। हादसे का करीब दो मिनट का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 27 May 2024 at 14:50 IST