UP: सिर्फ 40 रुपए के मक्खन के चक्कर में फर्जी IPS का भंडाफोड़, लखनऊ पुलिस पहुंची तो बोला- 'पहले सैल्यूट मारो', फिर ऐसे खुला राज- Video

लखनऊ में गोल मार्केट की एक दुकान पर शख्स ने मक्खन खरीदा और पैसे मांगने पर बोलने लगा कि वो नोएडा का IPS है, इसके बाद लखनऊ पुलिस को बुलाया गया तो, ऐसे राज खुला, पूरी खबर पढ़ें

 
Follow :

Lucknow Fake IPS Arrest: लखनऊ से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां गोल मार्केट इलाके में सिर्फ 40 रुपये के मक्खन के पैसे देने को लेकर विवाद हो रहा था, लेकिन इस दौरान एक बड़े फर्जीवाले का भंडाफोड़ हो गया। दरअसल, खुद को नोएडा में तैनात आईपीएस (IPS) अधिकारी बताने वाला एक शख्स अब पुलिस की हिरासत में है।

40 रुपये के मक्खन को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा

स्थानीय पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गोल मार्केट की एक दुकान पर व्यक्ति ने मक्खन खरीदा था। जब दुकानदार ने 40 रुपये की मांग की, तो युवक ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। दुकानदार के बार-बार टोकने पर युवक भड़क गया और खुद को नोएडा का आईपीएस अधिकारी बताकर रौब झाड़ने लगा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया।

फर्जी IPS ने पुलिस को बोला- ‘मुझे सैल्यूट करो’

सूचना मिलते ही जब स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, तो कथित अफसर की हेकड़ी कम नहीं हुई। उसने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर भी धौंस जमाना शुरू कर दिया और उनसे कहा कि वे उसे सैल्यूट करें। युवक लगातार दावा कर रहा था कि वह नोएडा में तैनात है और बड़ा पुलिस अधिकारी है।

ID कार्ड मांगते ही खुली पोल

युवक के बर्ताव को देखकर जब पुलिस टीम का शक हुए तो उन्होंने उससे वैध पहचान पत्र (ID Card) दिखाने को कहा। आईडी कार्ड की मांग पर युवक टालमटोल करने लगा और भड़क गया। वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिससे साबित हो सके कि वह प्रशासनिक सेवा में है।

पहचान पत्र न दिखा पाने और फर्जी अधिकारी बनकर जनता और पुलिस पर रौब गांठने के आरोप में पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: CCTV: दिल्ली में दिनदहाड़े हत्या, स्‍कूटी से आए 3 हमलावरों ने मारी गोली

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 16 June 2026 at 12:14 IST