UP: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लखनऊ में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, बवाल के बाद पुलिस ने कई को हिरासत में लिया
लखनऊ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। कार्यकर्ता विधानसभा और सीएम आवास का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान भारी बवाल देखने को मिला।
- भारत
- 3 min read
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी आज देशभर में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता विभिन्न राज्यों में चुनाव आयोग के कार्यालयों तक विरोध मार्च निकाल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और भारी बारिश के बीच जोरदार प्रदर्शन किया।
लखनऊ में प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम कर रहे है। भारी बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन जारी रहा। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
लखनऊ में हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ता
लखनऊ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा और सीएम आवास का घेराव करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए और पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
पटना में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर चलाई वाटर कैनन
कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे देश में प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लखनऊ, कोलकाता और देहरादून समेत कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। दिल्ली में भी चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई और कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। पटना में कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर प्रदर्शन करने निकले थे, मगर पुलिस ने उन्हें सचिवालय के पास रोकने की कोशिश की। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।
चुनाव आयोग को लेकर क्यों मचा है बवाल?
चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेदों को लेकर मीडिया में आई एक रिपोर्ट के बाद भारी बवाल शुरू हो गया। कांग्रेस को तो जैसे बैठे-बिठाए बड़ा मुद्दा मिल गया। विवाद को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार SIR से जुड़े कुछ फैसलों और आदेशों पर आपत्ति दर्ज कराई थी, मगर ज्ञानेश कुमार सबको नजर अंदाज कर एक तरफा फैसला लिया।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 25 September 2026 at 15:47 IST