अपडेटेड 5 March 2025 at 14:34 IST

UP News: नाबालिग लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या के दोषी को उम्र कैद

बहराइच जिले की एक अदालत ने सात वर्ष पूर्व एक नाबालिग लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

Follow :  
×

Share


नाबालिग लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या के दोषी को उम्र कैद | Image: AI Photo (सांकेतिक फोटो)

बहराइच जिले की एक अदालत ने सात वर्ष पूर्व एक नाबालिग लड़की की दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।  विशेष जिला कोर्ट में दोषी का सजा सुनाई गई। 

 

विशेष जिला शासकीय अधिवक्ता संत प्रताप सिंह ने बुधवार को 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि 25 फरवरी 2018 को फखरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय लड़की की उसी गांव के दुखीराम कश्यप ने चाकू से गला काटकर हत्या कर दी थी। सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार, आरोपी दुखीराम ने हत्या से कुछ दिन पूर्व इसी लड़की से बलात्कार किया था मगर लोकलाज के भय से तब परिजनों ने मामले को छिपाया। 

2018 में हत्याकांड को दिया था अंजाम

उन्होंने बताया कि इस बारे में लड़की के परिजन से दुखीराम की पूर्व में कहासुनी भी हुई थी और परिवारीजनों का आरोप था कि इसी रंजिश को लेकर दुखीराम ने लड़की की हत्या की है। अभियोजक ने बताया कि 25 फरवरी 2018 को मृतका के चाचा की तहरीर पर फखरपुर थाने में दुखीराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

उम्रकैद के साथ एक लाख रुपये का जुर्माना भी

उन्होंने बताया कि विशेष अपर सत्र न्यायाधीश (पोक्सो कानून) दीप कांत मणि ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मंगलवार को अभियुक्त दुखीराम को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई।  सिंह ने बताया कि कारावास के अतिरिक्त अदालत ने उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। 
 

यह भी पढ़ें: अबू आजमी के बयान पर घमासान के बाद निलंबन, अखिलेश यादव ने तोड़ी चुप्‍पी

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 5 March 2025 at 14:34 IST