भक्तों से पटी अयोध्या की गलियां, पैर रखना भी मुश्किल, 5 फरवरी तक सभी स्कूल बंद; चंपत राय की भक्तों से अपील- अयोध्या ना आएं...

अयोध्या प्रशासन और राम मंदिर ट्रस्ट को जरा भी अंदाजा नहीं था कि एक दम से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। मौनी अमावस्या से पहले जनसैलाब उमड़ गया है

 
Follow :

गंगा बड़ी न गोदावरी, न तीरथ बड़े प्रयाग!
सबसे बड़ी अयोध्या नगरी, जहां राम लीन्ह अवतार!!

तुलसीदास की इन पंक्तियों को राम भक्तों ने चरितार्थ कर दिया है। अयोध्या की गलियों में जहां तक नजर जा रही है, वहां तक लोगों के सिर ही सिर नजर आ रहे हैं। ये लोगों की आस्था है, जो किसी भी मुश्किल को झेलकर अपने आराध्य रामलला के दर्शन करना चाहते हैं। एक तरफ संगम नगरी में लगे महाकुंभ में भक्त आस्था की डुबकी लगा रहे हैं, तो दूसरी तरफ अयोध्या में भक्त दर्शन कर रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। अब स्थिति ये आ गई है कि राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को श्रद्धालुओं से ना आने की अपील करनी पड़ रही है।

राम भक्तों ने अपने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और रामलला के दर्शन कर नया रिकॉर्ड कामय किया है। रामपथ पर लग रहे जय-जयकारों की गूंज पूरे अयोध्या की हर गली-हर सड़क पर सुनाई दे रही है। दिल में रामलला की भक्ति लिए लाखों भक्त अयोध्या पहुंचे हैं। हैं। राममंदिर को जाने वाला मार्ग हो या फिर हनुमान गढ़ी की तरफ जाने वाला भक्ति पथ, अयोध्या की गलियां भक्तों से पटी पड़ी हैं।

अयोध्या ना आएं- चंपत राय

अयोध्या प्रशासन और राम मंदिर ट्रस्ट को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि राम मंदिर में एक दम से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। प्रशासन के किए तमाम इंतजाम अब कम पड़ने लगे हैं। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने भक्तों से अयोध्या ना आने की अपील की है। अयोध्या पहुंच रहे श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को लेकर उन्होंने ऐसा कदम उठाया है। बड़ी संख्या में प्रयागराज महाकुंभ से श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं। चंपत राय ने अयोध्या जनपद के आसपास के श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि 15-20 दिन बाद अयोध्या दर्शन के लिए पधारे।

40 लाख अधिक भक्त पहुंचे

राम मंदिर में भक्तों की भीड़ ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रामलला के दर्शन करने एक दिन में करीब 40 लाख भक्त अयोध्या पहुंचे। गणतंत्र दिवस पर अयोध्या में 25 लाख से अधिक लोग रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे। सोमवार को भी 7 लाख से अधिक श्रद्धालु राम मंदिर पहुंचे थे और मंगलवार को तो रामनगरी के सभी पथ श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए हैं। भीड़ पर योगी सरकार की सीधी नजर है। जिला प्रशासन मौके पर मुस्तैद है और ऐहतियातन 5 फरवरी तर 12वीं तक सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

65 करोड़ टूरिस्ट आए यूपी

यूपी की लोकप्रियता पर्यटकों के बीच निरंतर बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के जारी आंकड़े इस बात के प्रमाण हैं। राज्य में आने वाले पर्यटकों की संख्या में साल 2023 की तुलना में साल 2024 में करीब 17 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक उत्तर प्रदेश में साल 2024 में कुल 64,90,76,213 पर्यटक आए, जबकि 2023 में कुल 48,01,27,191 पर्यटकों का आना हुआ था। बीते साल 22,69,067 विदेशी पर्यटक आए थे, जबकि 2023 में 16,01,503 विदेशी पर्यटक पहुंचे थे। एक साल में विदेशी पर्यटकों की संख्या में करीब 6,67,564 की वृद्धि दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें: Mahakumbh 2025: मौनी अमावस्या पर 10 करोड़ लोग कर सकते हैं संगम में स्नान

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 28 January 2025 at 16:26 IST