Acid Attack: घर में सो रही मां-बेटी पर अज्ञात बदमाशों ने फेंका तेजाब, युवती की मौत; पूरे इलाके में दहशत, किसने किया ऐसा?
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामकोला थाना क्षेत्र के मोरवन गांव में बीती रात अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रही मां-बेटी पर तेजाब फेंक दिया।
Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामकोला थाना क्षेत्र के मोरवन गांव में बीती रात अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रही मां-बेटी पर तेजाब फेंक दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए हैं। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, देर रात जब मां और बेटी अपने घर में सो रही थीं, तभी अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और उन पर तेजाब फेंककर मौके से फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी चीखें सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान युवती की मौत, मां की हालत नाजुक
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मां की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी देखा जा रहा है।
पुलिस जांच तेज, कई पहलुओं पर हो रही पड़ताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। एसपी केशव कुमार मिश्रा देर रात ही घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस टीम को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। वहीं, गोरखपुर जोन के डीआईजी भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
इस संबंध मे स्थानीय पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं जमीनी विवाद, पुरानी रंजिश या अन्य कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल है। लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
(कुशीनगर से पीके विश्वकर्मा का रिपोर्ट)
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 10 April 2026 at 23:26 IST