प्लीज अंकल, पानी निकलवा दीजिए... मासूम मायरा ने की गुहार तो कानपुर DM महेंद्र सिंह तंवर ने लिया एक्‍शन, फौरन करा दिया प्रॉब्लम का सॉल्‍यूशन

कानपुर के बिठूर क्षेत्र के चिरान हृदयपुर गांव में जलभराव की समस्या से परेशान एक नर्सरी की मासूम छात्रा मायरा ने जब सोशल मीडिया पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर से मदद की गुहार लगाई, तो उसकी शिकायत सोशल मीडिया के जरिए प्रशासन तक पहुंची।

 
Follow :
प्लीज अंकल, पानी निकलवा दीजिए... मासूम मायरा ने की गुहार तो कानपुर DM महेंद्र सिंह तंवर ने लिया एक्‍शन, फौरन करा दिया प्रॉब्लम का सॉल्‍यूशन | Image: Republic

गौरव त्रिवेदी की रिपोर्ट

डियर अंकल, हमारे यहां पानी भर गया है। हमें जूते-मोजे उतारकर स्कूल जाना पड़ता है। मुझे फीवर भी आ जाता है। प्लीज, इस पानी को यहां से निकलवा दीजिए...' कानपुर के बिठूर क्षेत्र के चिरान हृदयपुर गांव में जलभराव की समस्या से परेशान एक नर्सरी की मासूम छात्रा मायरा ने जब सोशल मीडिया पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर से मदद की गुहार लगाई, तो उसकी शिकायत सोशल मीडिया के जरिए प्रशासन तक पहुंची।

उसने बताया कि रास्ते में पानी भरे होने के कारण कभी उसका बैग पानी में गिर जाता है, तो कभी वह और उसके पापा गिर जाते हैं। इसके बाद जिलाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को मौके पर भेजा। प्रशासन की ओर से जेसीबी मशीन की मदद से नाली और चैनल की खुदाई कराकर जमा पानी की निकासी कराई गई। इस कार्रवाई से लंबे समय से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

मासूम की गुहार पर डीएम ने दिखाई तत्परता

कानपुर में चिरान हृदयपुर गांव में करीब एक महीने से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। गंदे पानी, कीचड़ और दुर्गंध के बीच ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया था। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही थी। नर्सरी में पढ़ने वाली मायरा को भी रोजाना स्कूल जाने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ता था। इसी परेशानी को लेकर बच्ची ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई थी। मामला सामने आने के बाद डीएम ने इसे नजरअंदाज करने के बजाय तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

सोशल मीडिया पर शिकायत, जमीन पर उतरी कार्रवाई

जिलाधिकारी कानपुर महेंद्र सिंह तंवर की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों और तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से चैनल और नाली की खुदाई कराई गई, जिससे जमा अतिरिक्त पानी की निकासी का रास्ता बनाया जा सके। शिकायत पर हुई इस कार्रवाई ने दिखाया कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाली जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने से उनके समाधान की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं।

सिर्फ पानी निकालने तक सीमित नहीं, दूसरे स्थानों का भी निरीक्षण

प्रशासन की ओर से बताया गया कि प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर आसपास के अन्य संभावित जलभराव वाले स्थानों को भी चिह्नित किया जा रहा है। इन स्थानों पर समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्षेत्रीय कर्मचारियों को नियमित सफाई कराने और जलनिकासी का प्रवाह सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दोबारा पानी जमा होने की स्थिति ना बने।

इसे भी पढ़ें- मैंने भी अपना बंदा खोया है...शिवा शर्मा मर्डर केस में वांटेड मॉडल श्रद्धा दुबे का नया VIDEO आया सामने, रोती हुई बोली- परेशान किया तो मैं भी कर लूंगी सुसाइड
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 15 October 2026 at 22:04 IST