JPNIC को कैबिनेट की हरी झंडी, 2 साल में शुरू होगा संचालन...योगी कैबिनेट की बैठक में क्या-क्या हुआ फैसला?
लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) के संचालन की जिम्मेदारी ओपन बिड के जरिए 'वृंदावन बॉटलर्स एंड रॉकवुड होटल्स' के कंसोर्टियम को दी गई है। कंसोर्टियम ₹200-250 करोड़ की लागत से इंटीरियर, इलेक्ट्रिकल व फायर सुरक्षा से जुड़े बाकी कार्य 2 वर्ष में पूरे करेगा।
- भारत
- 3 min read
राघवेंद्र पाण्डेय की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने राज्य के बुनियादी ढांचे और चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा देने वाले दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर अपनी मुहर लगा दी है। एक ओर जहां लखनऊ स्थित 'जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर' (JPNIC) के निजी संचालन का मार्ग प्रशस्त हुआ है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न्स के स्टाइपेंड में ऐतिहासिक वृद्धि की गई है।
JPNIC का 35 वर्षों के लिए लीज पर हस्तांतरण
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा तैयार किए गए प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए कैबिनेट ने जेपीएनआईसी को 35 वर्षों की लीज पर निजी कंसोर्टियम को सौंपने का निर्णय लिया है। इसके संचालन के लिए ओपन बिड के माध्यम से 'वृंदावन बॉटलर्स एवं रॉकवुड होटल्स' के संयुक्त कंसोर्टियम का चयन किया गया है। लगभग 821 करोड़ रुपये की लागत से बने इस विशाल परिसर के रखरखाव, अवशेष निर्माण कार्यों को पूरा करने और एलडीए पर वित्तीय भार को व्यवस्थित करने के लिए यह दीर्घकालिक लीज व्यवस्था लागू की गई है।
ग्लोबल टेंडर से चयन और 250 करोड़ के अवशेष कार्य
मार्च 2026 में एलडीए द्वारा आमंत्रित किए गए ग्लोबल टेंडर में तीन बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रक्रिया के बाद वृंदावन बॉटलर्स और रॉकवुड होटल्स के कंसोर्टियम ने बाजी मारी। रॉकवुड होटल्स दुबई और न्यूयॉर्क समेत दुनिया के 30 बड़े देशों में होटल श्रृंखलाएं चलाता है, जबकि वृंदावन बॉटलर्स 400 करोड़ रुपये के सालाना टर्नओवर के साथ उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी बॉटलिंग कंपनी है।
अनुबंध की प्रमुख शर्तें
परिसर में इंटीरियर, इलेक्ट्रिकल और फायर उपकरण से जुड़े 200 से 250 करोड़ रुपये के बचे हुए काम कंसोर्टियम को अपने खर्च पर 02 वर्षों के भीतर पूरे करने होंगे। कंसोर्टियम को 25 करोड़ रुपये की परफॉर्मेंस गारंटी जमा करनी होगी और स्वीकृति पत्र मिलते ही 10 करोड़ 11 लाख रुपये का तत्काल भुगतान करना होगा।
एलडीए को मिलेगा दीर्घकालिक और नियमित राजस्व
संचालन शुरू होते ही कंसोर्टियम द्वारा एलडीए को पहले वर्ष 06 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। इस राशि में प्रति वर्ष 5 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान रखा गया है। 35 वर्षों की लीज अवधि पूर्ण होने तक यह सालाना धनराशि बढ़कर लगभग 35 करोड़ रुपये हो जाएगी। इससे एलडीए को अगले 30 वर्षों में शासन को निर्माण लागत लौटाने में आसानी होगी।
विश्वस्तरीय सुविधाएं और स्पोर्ट्स क्लब का संचालन
- जेपीएनआईसी को एक अत्याधुनिक बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
- निजी संचालन- होटल, कन्वेंशन सेंटर, ऑडिटोरियम, पार्किंग और स्पोर्ट्स फैसिलिटी का संचालन चयनित कंसोर्टियम करेगा।
- एलडीए का नियंत्रण- म्यूजियम ब्लॉक का संचालन और स्वामित्व पूरी तरह लखनऊ विकास प्राधिकरण के पास सुरक्षित रहेगा।
- मेंबरशिप दरें- स्पोर्ट्स फैसिलिटी और क्लब मेंबरशिप का शुल्क कंसोर्टियम खुद तय नहीं करेगा, बल्कि इसके लिए गठित विशेष कमेटी दरें निर्धारित करेगी।
मेडिकल इंटर्न्स का स्टाइपेंड बढ़कर हुआ ₹25,000
कैबिनेट बैठक में राज्य के राजकीय मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों और चिकित्सा विश्वविद्यालयों में प्रशिक्षण ले रहे एमबीबीएस (MBBS) और बीडीएस (BDS) इंटर्न्स के लिए बड़ा निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में इंटर्नशिप भत्ते को दोगुने से भी अधिक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके तहत मासिक स्टाइपेंड को ₹12,000 से सीधे बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह कर दिया गया है। इससे पूर्व वर्ष 2021 में यह भत्ता ₹7,500 से बढ़ाकर ₹12,000 किया गया था।
स्वास्थ्य सेवाओं में नया उत्साह और प्रोत्साहन
मेडिकल इंटर्न्स अस्पतालों की रीढ़ होते हैं, जो ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी और नाइट ड्यूटी में दिन-रात मरीजों की सेवा में तैनात रहते हैं। स्टाइपेंड में हुई इस रिकॉर्ड बढ़ोतरी से हजारों युवा डॉक्टरों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनका मनोबल बढ़ेगा, जिससे प्रदेश की सरकारी चिकित्सा प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 25 August 2026 at 22:04 IST