UP: ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, खेलते-खेलते 15वीं मंजिल से गिरा 4 साल का मासूम, मां की गोद में टूटी सांस
UP News: ग्रेटर नोएडा में सोमवार को एक दर्दना हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां सेक्टर ओमिकरोंन 1A स्थित लोहिया एनक्लेव सोसाइटी में 15वीं मंजिल से गिरकर 5 साल के मासूम की मौत हो गई। जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया।
- भारत
- 2 min read
UP: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रॉन-1ए स्थित लोहिया एनक्लेव सोसाइटी में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। टावर डी की 15वीं मंजिल से खेलते-खेलते गिरकर 4 साल के बच्चे अंश की मौत हो गई। मां की गोद में ही बच्चे ने आखिरी सांस ली। इस हादसे ने परिवार को तोड़कर रख दिया है।
फ्लैट में रेनोवेशन का काम करवा रहे थे मां-बाप
बता दें, बच्चे के माता-पिता बलिया के रहने वाले अरुण और उनकी पत्नी अपने फ्लैट में रेनोवेशन का काम करवा रहे थे। दोनों काम में व्यस्त थे और छोटा अंश उनके पास ही खेल रहा था। बताया जाता है कि बच्चा खेल-खेल में बालकनी की तरफ चला गया। अचानक उसका पैर फिसल गया और वो ऊंचाई से नीचे जा गिरा। इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
जैसे ही बच्चा गिरा, पूरे सोसाइटी में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। मां बदहवास होकर नीचे पहुंची और खून से लथपथ अपने बेटे को गोद में उठा लिया। लेकिन, कुछ ही पलों में बच्चे ने मां की गोद में दम तोड़ दिया। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर कोई रो पड़ा।
परिवार ने नहीं की पुलिस में शिकायत
पुलिस को सूचना मिलने पर कासना थाने की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन परिवार ने किसी भी तरह की लिखित शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इसलिए, बच्चे का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया। परिवार इसे एक हादसा मानते हुए आगे कोई कार्रवाई नहीं चाहता। पुलिस ने बताया कि बिना शिकायत के आगे बढ़ना मुश्किल है, लेकिन वे अपने स्तर पर इसकी जांच कर रहे हैं कि बालकनी की सुरक्षा में कोई कमी तो नहीं थी।
सोसाइटी में चल रहा था रेनोवेशन का काम
लोहिया एनक्लेव में कई फ्लैट हाल ही में अलॉट किए गए हैं। जिन लोगों को पजेशन मिला है, वे फ्लैटों में पेंटिंग, फर्नीचर और दूसरे काम करवा रहे हैं। इसी काम के दौरान यह हादसा हो गया। बच्चे की मौत की खबर सुनकर आसपास रहने वाले लोग भी गहरी संवेदना जता रहे हैं।
इस तरह का हादसे यह याद दिलाते हैं कि छोटे बच्चों को ऊंची मंजिलों पर बालकनी या खिड़कियों के पास अकेला छोड़ना कितना खतरनाक हो सकता है। माता-पिता को इस बात का खास ध्यान रखना चाहिए।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 18 May 2026 at 23:52 IST