अपडेटेड 1 September 2024 at 10:21 IST

वो चीखती-चिल्लाती रहीं, पीटता रहा मनचला... बीच सड़क पर रोककर लड़कियों से मारपीट, 2 आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद का भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सलाखों के पीछे जाने के बाद दोनों पुलिस के हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते नजर आ रहे हैं।

Follow :  
×

Share


कानपुर में लड़कियों से मारपीट के आरोपी गिरफ्तार | Image: X

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बीच सड़क पर दो लड़कियों के साथ छेड़खानी करने और मारपीट का मामला सामने आया। घटना के एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें शख्स लड़कियों को पीटता नजर आ रहा है। वीडियो के वायरल होने पर बवाल मचा। इसके बाद पुलिस ने इस पर एक्शन लेते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना तब की है जब लड़कियां स्कूल से अपने घर वापस लौट रही थीं। इस दौरान स्कूटी पर आए दो युवकों ने उन्हें रोका और उनसे बात करने लगे। लड़कियों ने इनकार किया तो उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बीच सड़क पर रोककर की मारपीट

मामला कानपुर के थाना सचेंडी इलाके का है। जानकारी के मुताबिक दो लड़कियां स्कूल से पढ़ाई कर वापस घर जा रहीं थीं। इसी दौरान अमित नाम के एक शख्स ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया और उनके साथ मारपीट की। शख्स ने लड़कियों को थप्पड़ मारे और गला भी दबोचा लिया। लड़की जब बचकर निकलने लगी तो उसने फिर से उन्हें पीटा।

शख्स जब लड़कियों के साथ यूं मारपीट कर रहा था, तो उसके साथी अफरीदी फोन में इस मारपीट का वीडियो बनाने लगा। वहीं, उनके तीसरे दोस्त सचिन ने लड़कियों के साथ मारपीट के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिया, जो वायरल होने लगा। इसके बाद घटना की जानकारी लड़कियों ने अपने परिजनों को दी और फिर आरोपियों के खिलाफ थाना सचेंडी में मामला दर्ज हुआ।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले पर कानपुर के डीसीपी राजेश कुमार सिंह का बयान आया है। उन्होंने कहा, "कल कानपुर (सचेंडी क्षेत्र) की दो लड़कियों की पिटाई का एक वीडियो वायरल हुआ। जो लड़का उन्हें मार रहा था उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका नाम अमित है। जो व्यक्ति वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें जेल भेज दिया गया है।"

सलाखों के पीछे जाने के बाद हाथ जोड़ने लगे आरोपी

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद का भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सलाखों के पीछे जाने के बाद दोनों पुलिस के हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते नजर आ रहे हैं। वह पुलिस से माफी मांगते दिख रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस तीसरे आरोपी की भी तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ें: Haryana: गोमांस खाने के शक में युवक की हत्या के बाद बवाल, पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 1 September 2024 at 10:21 IST