पूर्व IAS दिव्या मित्तल की राजनीति में एंट्री, नई पार्टी का किया ऐलान, नाम रखा 'जननीति भारत पार्टी'; इस सीट से लड़ेंगी यूपी 2027 का चुनाव
उत्तर प्रदेश की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में एंट्री कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी नई पार्टी 'जननीति भारत पार्टी' बनाने का ऐलान किया है।
- भारत
- 3 min read
उत्तर प्रदेश की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में एंट्री कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी नई पार्टी 'जननीति भारत पार्टी' बनाने का ऐलान किया है। दिव्या मित्तल ने बताया कि वह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिर्जापुर सदर सीट से चुनाव लड़ेंगी।
मिर्जापुर और देवरिया जैसे जिलों में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल चुकीं दिव्या मित्तल के इस कदम से जनपद की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। अभी तक प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर पहचान बनाने वाली दिव्या मित्तल अब नवरात्र में मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लेकर राजनीति में ताल ठोंक रही हैं। बताया कि उनकी पार्टी पूरे प्रदेश में अपने उम्मीदवार खड़ा करेगी।
पार्टी का ऐलान करते हुए दिव्या मित्तल ने कहा कि राजनीति आप पर राज करती है, लेकिन ये दल आपके राज के लिए बना है। पार्टी के तीन वचन बताते हुए उन्होंने कहा कि पहला वचन- जन से नीति और नीति से भारत। दूसरा वचन- हर फैसला जरूरत देख कर लिया जाएगा। तीसरा वचन- जरूरत से फैसला, फैसले में बराबरी। उन्होने कहा कि नई राजनीतिक पहल के तहत देश की नीतियों के केंद्र में आम लोगों को रखने पर जोर दिया है।
पार्टी का ऐलान करते हुए और क्या बोलीं दिव्या मित्तल
दिव्या मित्तल ने वीडियो संदेश में बताया कि राजनीति में आने की बात कहने के बाद उन्होंने लोगों को एक नंबर दिया था, जिस पर इतने संदेश आए कि व्हाट्सएप ने उसे रोक दिया। उन्होंने इसके लिए माफी मांगते हुए लोगों के समर्थन पर आभार जताया। दिव्या ने कहा कि वह उम्मीद का दीया लेकर निकली थीं, लेकिन लोगों के संदेशों ने उन्हें सूरज के सामने खड़े होने जैसा एहसास कराया। उन्होंने अपनी नई पार्टी बनाने का ऐलान करते हुए कहा कि देश में पार्टियों की कमी नहीं, बल्कि सबकी सुनवाई नहीं होने की समस्या है। गंगा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां हर बूंद बराबर है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी पार्टी का नाम ‘जननीति भारत’ रखा है
आपको बता दें कि इससे पहले रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की जनसत्ता दल की ओर से दिव्या मित्तल को पार्टी से जुड़ने का प्रस्ताव दिए जाने की भी चर्चा उठी थी। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी एक सवाल के जवाब में दिव्या मित्तल को सपा में शामिल होने का ऑफर दिया था। और कहा थी कि वो भी अब उन्हें तय करना पड़ेगा कि हरा गमछा और लाल गमछा डाल लें।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 15 October 2026 at 17:11 IST