BRICS: नई दिल्ली घोषणा पत्र पर बनी सहमति, तो मायावती बोलीं- ये अच्छी सूझ-बूझ और कूटनीतिक उपलब्धि से कम नहीं...
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में 140 पैराग्राफ का दिल्ली घोषणा पत्र सर्वसम्मति से जारी होना, ये आपसी अच्छी सूझ-बूझ एवं कूटनीतिक उपलब्धि से कम नहीं है।
- भारत
- 3 min read
Mayawati on BRICS Summit: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती राजधानी दिल्ली स्थित ब्रिक्स शिखर सम्मलेन पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने नई दिल्ली घोषणा पत्र पर बनी सहमति को अच्छी सूझ-बूझ और कूटनीतिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इन देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की इच्छा उम्मीद जगाने वाली है।
मायावती ने कहा, 'देश की राजधानी दिल्ली में हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के संबंध में मैं यह कहना चाहूंगी कि यूक्रेन और ईरान के विरुद्ध अमेरिकी युद्ध की लगातार जबरदस्त तानातनी, संघर्ष और युद्ध टैरिफ थोपने आदि जैसे भारी आर्थिक संकटपूर्ण हालातों एवं चुनौतियों का सामना कर रहे, खासकर ब्रिक्स समूह के देशों द्वारा 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में 140 पैराग्राफ का दिल्ली घोषणा पत्र सर्वसम्मति से जारी होना, ये आपसी अच्छी सूझ-बूझ एवं कूटनीतिक उपलब्धि से कम नहीं है।'
पहलगाम का जिक्र कर क्या बोलीं मायावती?
उन्होंने आगे कहा, 'इन देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की इच्छा भी उम्मीद जगाने वाली है, जिस क्रम में ब्रिक्स करेंसी का विकास भी एक बेहतरीन कदम होगा। फिलिस्तीन के मुद्दे पर समाधान और 1966 की सीमाओं के आधार पर स्वतंत्र फिलिस्तीन देश का एकजुट समर्थन, साथ ही पहलगाम का जिक्र करते हुए आतंकवाद से हर प्रकार से निपटने की प्रतिबद्धता आदि से भारत के दृष्टिकोण को उचित समर्थन मिला है जो सराहनीय है।'
'चीन संग मतभेद को विवाद नहीं बनने…'
मायावती कहती हैं, 'पड़ोसी देश चीन के साथ मतभेद को विवाद नहीं बनने देने और एक-दूसरे को विकास से पार्टनर समझने के दृष्टिकोण से कितने अच्छे नतीजे निकलेंगे, ये आने वाले समय में उचित जांच-परख की बात है। दोनों देशों के बीच सीमा का मुद्दा जितनी जल्द सुलझ जाए तो यह उतना ही उचित होगा।'
आज ब्रिक्स समिट का आखिरी दिन
बता दें कि भारत की मेजबानी में हो रहे 18वें ब्रिक्स समिट का आज दूसरा और आखिरी दिन है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS नेताओं ने राउंडटेबल मीटिंग में हिस्सा लिया। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स देशों के नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें करेंगे, जिनमें कजाखस्तान, मिस्र, युगांडा और बुरुंडी के समेत सात देशों के नेताओं के साथ मुलाकात शामिल है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 13 September 2026 at 13:21 IST