'26 सीटें देकर कहोगे कांग्रेस की हैसियत नहीं है, अपनी जमानत जब्त सीटों की टिकट पकड़ा रहे...', सपा को इमरान मसूद की दो टूक
इमरान मसूद ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी जमानत जब्त सीटें कांग्रेस को थमा रही है। इसके बाद नतीजों की उम्मीद भी की जाएगी।
- भारत
- 4 min read
Imran Masood: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। सपा की पहली सूची जारी होने के बाद से नाराज चल रहे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के तेवर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की नसीहत के बाद भी जस के तस बने हुए हैं। मसूद ने अब दो टूक कहा है कि उन्हें 'विलेन' बनाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को महज 26 सीटें देकर यह जताया जा रहा है कि पार्टी की कोई हैसियत ही नहीं है।
इमरान मसूद ने रिपब्लिक भारत से बातचीत में कहा कि वे (सपा) 26 सीटें दे रहे हैं। अपनी जमानत जब्त सीटें पकड़ा रहे हैं और फिर हमसे नतीजों की उम्मीद की जाती है। खड़गे की नसीहत को लेकर कहा कि मुझे ज्ञान देने की जरूरत नहीं है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने जो कहा है मुझे पता है। उन्होंने अहंकार से बचने को कहा है।
निजी हित के सवाल पर भड़के मसूद
पश्चिमी यूपी में अपना सियासी कद बढ़ाने की कोशिश में जुटे इमरान मसूद की निगाहें दो सीटों- सहारनपुर और बेहट पर टिकी थीं। लेकिन सपा ने सहारनपुर से आशु मलिक और बेहट से उमर अली खान को टिकट थमा दिया। इस घटनाक्रम के बाद जब मसूद से निजी हित देखने के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मैं राजनीति कर रहा हूं तो क्या में अपना हित नहीं देखूंगा? मैं सांसद बनकर आया हूं और बहुत विरोध के बाद सांसद बना हूं… ये लोग छुटभैया नेता बताते हैं... लेकिन मेरे बिना इनकी जमानत जब्त होती है।'
गठबंधन के फैसले पर क्या बोले इमरान मसूद?
आखिर में गठबंधन कब होगा अगली बैठक कब होगी? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी करेगी। हम गठबंधन के लिए तैयार हैं, लेकिन हमें बेइज्जत न करें। गठबंधन करें।
‘मुझे विलेन साबित करने की कोशिश की जा रही’
इससे पहले मसूद ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, 'मैं पार्टी के प्रति और पार्टी की उन्नति के लिए अपनी जान भी कुर्बान कर दूंगा। मुझे चारों तरफ से घेरकर मुझे विलेन साबित करने की कोशिश की जा रही है। मैं किस बात के लिए विलन? मैं अपनी पार्टी के लिए मांग कर रहा हूं। अपनी पार्टी के लिए लड़ रहा हूं। मैं अपनी पार्टी के हित की बात करूंगा। गठबंधन हो रहा है। BJP को हटाने की सारी जिम्मेदारी क्या सिर्फ मेरे कंधों पर है? आपके कंधों पर नहीं है? 2022 में तो मुसलमान ने एकतरफा होकर, अंधे होकर हमने वोट डाल दिया था, हम हार क्यों गए थे? यह जिम्मेदारी आपके कंधों पर ज्यादा है। आप हमसे उम्मीद कर रहे हैं, हम तैयार हैं।'
गुणवत्ता और मात्रा दोनों चाहिए- मसूद
उन्होंने स्पष्ट किया कि हमने गुणवत्ता और मात्रा दोनों की बात कही थी। ये 26 सीट आपने हमें दी है, इनका नतीजा आप उठा लीजिए। ये जो आप हमें दे रहे हैं, हम इसका क्या करेंगे, यह आपको ही मुबारक। इसका हमारे से क्या लेना देना है। हमें दे दीजिए, हम लड़ लेंगे लेकिन गुणवत्ता और मात्रा दोनों चाहिए।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 27 November 2026 at 12:55 IST