अपडेटेड 26 March 2026 at 14:42 IST

UP: जब आपको जरूरत हो तभी गैस, पेट्रोल और डीजल लीजिए, लाइन मत लगाएं, कुछ लोग अफवाह फैलाकर माहौल खराब कर रहे हैं- CM योगी ने किया सावधान

गोरखपुर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन करने के बाद CM योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अफवाहों से बचने और राष्ट्रीय नेतृत्व पर भरोसा रखने की अपील की। कहा-'अफवाहों पर ध्यान ना दें, आपके घर पहुंचेगा सिलेंडर'। जानें और क्या-कुछ कहा? पढ़ें पूरी खबर

Follow :  
×

Share


CM Yogi Speech: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में नवनिर्मित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क (STPI) के सेंटर का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने सिर्फ प्रदेश के तकनीकी विकास पर ही चर्चा नहीं की बल्कि, वर्तमान वैश्विक स्थितियों के बीच घरेलू आपूर्ति को लेकर भी जनता को जागरूक किया।

'लाइन लगाने की जरूरत नहीं, प्रशासन पहुंचाएगा गैस'- CM योगी  

पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस और ईंधन को लेकर फैल रही अफवाहों पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, कुछ लोग अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जो सिलेंडर पहले एक महीना चलता था, उसके लिए लोग अब 5वें-6ठें दिन ही कतारों में क्यों लग रहे हैं?

CM योगी ने समझाते हुए साफ कहा कि, सभी जिला प्रशासनों को आदेश दिए गए हैं कि रसोई गैस की होम डिलीवरी पहले की तरह सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए। ऐसे में उन्होंने जनता से अपील की है कि उतावलेपन में आकर किसी भी दुष्प्रचार का हिस्सा न बनें। जब आपकी बारी आएगी, सिलेंडर आप तक पहुंच जाएगा। सीएम योगी ने आगे जोड़ा कि, पेट्रोल और डीजल के लिए भी पैनिक बुकिंग या लंबी लाइनें लगाने की आवश्यकता नहीं है।

'राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व पर रखें विश्वास'- सीएम योगी 

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि संकट के समय में हमें अपने राष्ट्रीय नेतृत्व पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि 'अगर हम अफवाहों के चक्कर में पड़ते हैं, तो लोग हमारी राष्ट्रभक्ति पर संदेह करेंगे। भारत में सब कुछ नियंत्रण में है और हम उत्साहपूर्वक अपने त्योहार मना रहे हैं।'

गोरखपुर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क सेंटर का उद्घाटन 

सीएम योगी ने कहा कि दुनिया की सबसे ज्यादा युवा आबादी भारत में है। स्किल था लेकिन 2014 से पहली सरकारों ने उनके स्किल को महत्व नहीं दिया। कोई प्लेटफॉर्म उपलब्ध नहीं कराया। जिसके चलते युवाओं में निराशा थी और वे पलायन करने को मजबूर थे। लेकिन 2014 के बाद सभी क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिला. सीएम योगी ने कहा कि सॉफ्टवेयर के फील्ड में जो भी नौजवान प्लेटफॉर्म चाहता है वह अब उन्हें मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब तो यहां पर दो-दो यूनिवर्सिटी है। टेक्निकल यूनिवर्सिटी गोरखपुर में है। मदनमोहन मालवीय टेक्निकल यूनिवर्सिटी है। कई पॉलिटेक्निक हैं. गोरखपुर में एमपीआईटी के रूप में एक यूनिवर्सिटी इमरजिंग टेक्नोलॉजी के रूप में आई है। आज हमने शुरुआत कर दी है तो 15 अप्रैल को पूर्वी यूपी के पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इसका भी शुभारंभ होने जा रहा है। 

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने आध्यात्मिक उत्साह का संचार करते हुए कहा कि पूरा प्रदेश नवरात्रि के रंग में डूबा है। उन्होंने विशेष रूप से कल होने वाली राम नवमी का जिक्र करते हुए कहा कि कल दोपहर 12 बजे अयोध्या में राम जन्मभूमि पर स्वयं सूर्य देव भगवान राम का राजतिलक करेंगे। यह क्षण भारत की सांस्कृतिक विजय और शक्ति का प्रतीक है।

यह भी पढ़ें: रेप के बाद नरबलि का भी एंगल, ढोंगी बाबा खरात के काले कारनामों का खुलासा

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 26 March 2026 at 14:36 IST