अपडेटेड 16 February 2026 at 16:18 IST
UP: आक्रांताओं का महिमामंडन नहीं चलेगा, हिंदुस्तान में रहना है तो वंदे मातरम् गाना होगा- CM योगी की दो टूक
UP News: उत्तर प्रदेश बजट सत्र 2026-27 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद में संबोधन के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने कहा- "हिंदुस्तान में रहना है, तो वंदे मातरम् गाना होगा।"
उत्तर प्रदेश विधान परिषद में बजट सत्र 2026-27 के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन को संबोधित किया। यह संबोधन राज्य के आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं, विकास की प्राथमिकताओं और पिछले कुछ सालों में हासिल की गई उपलब्धियों पर केंद्रित था। इसके साथ ही सीएम योगी ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में उत्तर प्रदेश को एक मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त नीतियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले सालों में राज्य ने निवेश, औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
योगी आदित्यनाथ ने जोर दिया कि बजट 2026-27 विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय को भी सुनिश्चित किया। उन्होंने गरीब, दलित, पिछड़े, महिलाओं और युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
'हिंदुस्तान में रहना है, तो वंदे मातरम् गाना होगा'
वंदे मातरम् पर सीएम योगी ने सदन में दो टूक कहा कि "वंदे मातरम् भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है। राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान संविधान का अपमान है। हिंदुस्तान में रहते हैं और भारत का राष्ट्र गीत गाने में दिक्कत होती है। हिंदुस्तान में रहना है, तो वंदे मातरम् गाना होगा।" सीएम योगी ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ संविधान के नाम पर जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम करते हैं और दूसरी तरफ वंदे मातरम् राष्ट्र गीत का इनके द्वारा विरोध कराया जा रहा है।
सपा पर सीधा निशाना
सीएम योगी ने कहा कि पूरा देश अपनी विरासत पर गर्व करता है। मुझे आश्चर्य होता है कि समाजवादी पार्टी गाजी के मेले का समर्थन करते हैं। गाजी भारत की परंपरा और संस्कृति को रौंदने के लिए आया था। महाराजा सुहेलदेव के नेतृत्व में हिंदू राजाओं ने उसे रौंद डाला। सम्मान महाराजा सुहेलदेव को मिलना चाहिए था। मुझे आनंद की अनुभूति होती है कि हमारी सरकार में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बना है, उनके नाम पर हमने विश्वविद्यालय बनाया है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 16 February 2026 at 16:00 IST