'माफिया मिट्टी में मिल गए, दंगाई चूहे बनकर बिल में दुबक गए', टैबलेट वितरण कार्यक्रम में बोले CM योगी
लखनऊ में टैबलेट वितरण कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि आज यूपी में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब सब चंगा' का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि सभी माफिया मिट्टी में मिल गए। दंगाई चूहे बनकर दुबक गए।
- भारत
- 3 min read
CM Yogi: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने 50 हजार छात्र और छात्रों को टैबलेट बांटे। इस अवसर पर उन्होंने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।
सीएम योगी ने कहा कि हमने 9.5 लाख में से 9.50 लाख नौकरी दी। तब अखिलेश यादव ने पूछा कि अब क्यों नहीं दे रहे हैं? मैंने जवाब दिया कि इसकी चिंता आपको नहीं होनी चाहिए। इसके बजाय आपकी चिंता होनी चाहिए कि आपको चार बार मौका मिला, फिर भी क्यों नहीं दे सके। आने वाले समय में हम और भी नौकरियां देने जा रहे हैं। मैंने सपा के मुखिया को आश्वस्त कर दिया है कि तीसरी पारी आने पर नौकरी में और भी चौके-छक्के लगाएंगे।
सीएम योगी का चाचा-भतीजे पर निशाना
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले और वर्तमान उत्तर प्रदेश की स्थिति की तुलना करते हुए युवाओं के भविष्य और रोजगार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहले सेशन समय पर नहीं चलते थे और युवाओं को सुविधाओं के अभाव के साथ-साथ पहचान के संकट से जूझना पड़ता था। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पहले किसी भी भर्ती का विज्ञापन निकलने पर 'चाचा-भतीजे की जोड़ी' वसूली के लिए निकल पड़ती थी और बिना लेन-देन, खर्ची या पर्ची के नौकरी नहीं मिलती थी। इसके विपरीत वर्तमान सरकार में पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पिछले साढ़े नौ सालों में साढ़े नौ लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और 67 लाख युवाओं को स्कॉलरशिप मिल रही है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी तक कार्यक्रम में मौजूद 55 हजार छात्रों के दोगुने युवाओं को और सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।
अब यूपी में 'नो कर्फ्यू-नो दंगा-सब चंगा- सीएम
उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था और आर्थिक प्रगति को लेकर कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के कारण आज यूपी में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब सब चंगा' का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि सभी माफिया मिट्टी में मिल गए। दंगाई चूहे बनकर दुबक गए। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकल माफियाओं की प्रॉपर्टी जब्त कर उन पर कड़ा पहरा लगा दिया गया है।
देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल यूपी
सीएम के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश 'बीमारू राज्य' की श्रेणी से बाहर निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। इस बदलाव के कारण अब बाहरी लोगों का यूपी के नागरिकों के प्रति नजरिया और धारणा बदल गई है, और लोग अब प्रदेश के युवाओं से मिलने के लिए उत्सुक रहते हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 15 November 2026 at 14:44 IST