प्रयागराज का कसारी-मसारी अब होगा कृष्णपुरी, CM योगी का ऐलान, इसी कब्रिस्तान में दफन हुआ था अतीक अहमद; बोले- अब किसी ने गरीब की जमीन हड़पी तो...

प्रयागराज पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने माफिया अतीक अहमद पर हमला बोलते हुए कहा कि 'कसारी-मसारी अब नहीं होगा, अब कृष्णपुरी के रूप में हम इसे विकसित करेंगे।'

 
Follow :
प्रयागराज का कसारी-मसारी अब होगा कृष्णपुरी, CM योगी का ऐलान, इसी कब्रिस्तान में दफन हुआ था अतीक अहमद; बोले- अब किसी ने गरीब की जमीन हड़पी तो... | Image: X

प्रयागराज पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने माफिया अतीक अहमद पर हमला बोलते हुए कहा कि 'कसारी-मसारी अब नहीं होगा, अब कृष्णपुरी के रूप में हम इसे विकसित करेंगे।' सीएम योगी ने कहा कि ये विकास की प्रक्रिया का हिस्सा है। शारदीय नवरात्र अवसर पर यहां जो आवास बनेंगे, जो टाउनशिप विकसित होगी वह सब इसी कृष्णपुरी का हिस्सा होगा। पूरा क्षेत्र नई आभा के साथ आगे बढ़ेगा।

आपको बता दें कि यहीं पर माफिया अतीक अहमद और उसके गुर्गों से मुक्त कराई गई लगभग 15 बीघा जमीन पर 602 फ्लैट का पद्मलोक अपार्टमेंट बनाया जाना है, जिसकी मुख्यमंत्री ने भूमि पूजन कर शुरुआत कराई। मुख्यमंत्री योगी आदितयनाथ ने प्रयागराज में एक बार फिर दोहराया कि गरीबों की जमीन को छीनने वाले माफिया मिट्टी में मिल जाएंगे। अब किसी माफिया ने गरीबों की जमीन छीनी तो हम उसकी और उसके बाप दादाओं तक की जमीन को ले लेंगे।

आपको बता दें कि 'कसारी-मसारी' को अतीक अहमद से जोड़कर देखा जाता रहा है। इसी कब्रिस्तान में उसे और उसके भाई-बेटों को दफनाया गया था। अब उसी के लिए सीएम ने कहा है कि इस इलाके को कृष्णपुरी के रूप में विकसित किया जाएगा। किसी माफिया के नाम से इलाके की पहचान नहीं होगी।

'2017 में सरकार बनने के बाद तय किया गया कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित होगा'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कसारी मसारी में पद्मलोक आवास योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह भगवान अक्षयवट और महर्षि भारद्वाज की पावन धरती है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने भगवान श्रीरामचंद्र के जयकारे और हर हर महादेव के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। सीएम योगी ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि सरकार का संकल्प माफिया से मुक्ति दिलाने का था और अब कसारी मसारी में माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि एक समय था जब माफिया अतीक अहमद और अशरफ के सामने सरकार घुटने टेकती थी। उन्होंने कहा कि असुरक्षित वातावरण में रोजगार नहीं मिल सकता। 2017 में सरकार बनने के बाद तय किया गया कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित होगा। इसी क्रम में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई, ताकि उत्तर प्रदेश को माफिया मुक्त प्रदेश बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में राजू पाल को गोली मार दी गई थी और उस समय की सरकार गिड़गिड़ाती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कसारी मसारी में माफिया अतीक अहमद के गुंडों ने करीब ढाई हेक्टेयर यानी 15 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया था। इस जमीन पर अस्तबल बनाया गया था और यह अय्याशी का केंद्र था। अब इस जमीन को कब्जे से मुक्त कराकर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां 602 नए आवास बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी आती है तो माफिया लाती है, जबकि बीजेपी आती है तो विकास और बदलाव लाती है।

बाजार-पार्क-जिम और खेल सुविधाएं भी मिलेंगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब लगभग 1,200 परिवार इस आवासीय परिसर में रहेंगे, तो यहां छह से साढ़े छह हजार से अधिक लोगों की आबादी होगी। उनके लिए केवल मकान ही नहीं, बल्कि अलग से व्यवस्थित टाउनशिप विकसित की जाएगी। यहां बाजार बनेगा, पार्क की सुविधा होगी, खेलकूद के लिए स्थान होगा, जिम बनेगा और लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण इन सुविधाओं को विकसित करने का काम करेगा।

उन्होंने कहा कि गरीबों को आवास देने का अर्थ केवल उन्हें छत उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि उनके परिवारों के लिए ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और परिवार सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें। सरकार बिना भेदभाव हर गरीब और हर जाति के व्यक्ति को आवास की सुविधा उपलब्ध करा रही है। आजादी के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने 65 लाख गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध कराया है। अब प्रयागराज में भी गरीबों को पक्के आवास की सुविधा दी जा रही है।

प्रयागराज में पुल, लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण भी अंतिम चरण में

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में बड़े पैमाने पर सड़कें चौड़ी की गईं। अब यहां सात मीटर से लेकर 14 मीटर तक चौड़ी सड़कें हैं और आवागमन सुगम हुआ है। सरकार सुरक्षा का माहौल इसलिए उपलब्ध करा रही है, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके, उनकी नौकरी का उचित प्रबंध हो, गरीबों को सिर ढकने के लिए आवास मिले और हर नागरिक सुशासन का लाभ लेकर विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर सके। इसी उद्देश्य से प्रयागराज में विकास की अनेक योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। सहसों क्षेत्र में गंगा नदी पर बड़े पुल पर 950 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसी विधानसभा क्षेत्र में डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण भी लगभग पूरा होने की स्थिति में है।

महाराजा बिजली पासी के नाम पर बनेगा आईटीआई

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में आईटीआई के निर्माण की योजना भी आगे बढ़ाई जा रही है। इस आईटीआई का नाम महाराजा बिजली पासी के नाम पर रखा जाएगा। महाराजा बिजली पासी ने लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में 12 किले बनवाए थे। वह विदेशी आक्रांताओं के काल में सनातन धर्म के प्रबल रक्षक थे। उनके नाम पर आईटीआई का निर्माण कर उनके योगदान को सम्मान दिया जाएगा।

प्रयागराज के लिए अब बेहतर कनेक्टिविटी

सीएम ने कहा कि प्रयागराज अब बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है। यहां एयरपोर्ट बन चुका है और गंगा एक्सप्रेसवे प्रयागराज से सीधे मेरठ तथा दिल्ली की दूरी कम कर रहा है। पहले प्रयागराज से कार से दिल्ली जाने में 10 से 12 घंटे लगते थे, लेकिन अब गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से यह दूरी लगभग सात घंटे में पूरी की जा सकती है। यही डबल इंजन की भाजपा सरकार का बदलाव है। 

इसे भी पढ़ें- मैंने भी अपना बंदा खोया है...शिवा शर्मा मर्डर केस में वांटेड मॉडल श्रद्धा दुबे का नया VIDEO आया सामने, रोती हुई बोली- परेशान किया तो मैं भी कर लूंगी सुसाइड
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 15 October 2026 at 18:52 IST