CM योगी ने बच्चों का कराया अन्नप्राशन, अपने हाथों से खिलाई खीर; गर्भवती महिलाओं को दिए उपहार- VIDEO
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। उन्होंने बच्चों को गोद में लेकर पहली बार अन्न खिलाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
- भारत
- 4 min read
CM Yogi: उत्तर प्रदेश के भदोही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक खास अंदाज देखने को मिला। उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया।
जी हां, रविवार को सीएम योगी ने खुद छोटे-छोटे बच्चों को अपनी गोद में लेकर पहली बार अन्न खिलाया। उन्होंने परंपरागत तरीके से खीर का पहला निवाला बच्चों को दिया और खूब दुलार किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को खिलौने भी भेंट किए।
गर्भवती महिलाओं की गोदभराई
इसके बाद मुख्यमंत्री ने तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की। उन्होंने महिलाओं को पोषित आहार और उपहार भेंट किया।
सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
सीएम योगी ने भदोही में कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, 'आज जो ये पैसा इन तीर्थों के विकास के लिए खर्च हो पा रहा है, विरासत और पूर्वजों की धरोहर का संरक्षण का कार्य हो रहा है एवं उसका सौंदर्यीकरण हो रहा है; 2017 से पहले यही पैसा इन तीर्थों को नहीं मिलता था। यही पैसा कब्रिस्तान की सीमा दीवार के नाम पर जमीनों को कब्जा करने का माध्यम बन जाता था। ये डबल इंजन की सरकार ने उस कब्जे की प्रवृत्ति को रोका।'
यूपी पर कोई दंगाग्रस्त होने का कलंक नहीं- CM
उन्होंने आगे कहा, 'विरासत का संरक्षण करते हुए तीर्थों के विकास को और आस्था को सम्मान देने का काम किया। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाया और माफिया मुक्त, कर्फ्यू मुक्त, उपद्रव मुक्त उत्तर प्रदेश बना कर उत्सव युक्त उत्तर प्रदेश बनाने का काम किया है। अब कोई यूपी को बीमारू राज्य नहीं कहता है। अब यूपी पर कोई दंगाग्रस्त होने का कलंक नहीं लगा सकता है। अब यूपी की पहचान के सामने कोई संकट नहीं खड़ा कर सकता है। यूपी जो पहले हर क्षेत्र में सबसे नीचे के तीन राज्यों में रहता था, आज देश में टॉप 3 में यूपी की गिनती होती है।'
देश का 5वां सबसे बड़ा निर्यातक UP- योगी
सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उत्तर प्रदेश के बढ़ते निर्यात और भदोही के कालीन उद्योग को लेकर जानकारी साझा कीं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में प्रदेश का निर्यात लगभग 2.27 गुना बढ़कर आज 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। उत्तर प्रदेश देश का 5वां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य है। निर्यात में भदोही के कालीन का बड़ा योगदान है।
वैश्विक बाजार तक भदोही के हुनर की पहुंच
उन्होंने आगे कहा कि जिन हाथों ने अपने हुनर से भदोही के कालीनों को दुनिया तक पहुंचाया, साल 2017 से पहले वही हाथ बुनियादी सुविधाओं और अवसरों के लिए प्रतीक्षा करते रहे। आज डबल इंजन सरकार में वही हुनर विकास और वैश्विक बाजार दोनों से जुड़ रहा है। हाथ से बनी भदोही की कालीनों की मांग आज पूरी दुनिया में सबसे अधिक है, जो वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश के हुनर का लोहा मनवा रही हैं।
निर्यातकों-उद्यमियों से बातचीत करेंगे योगी
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेले 'इंडिया कारपेट एक्सपो' के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से भी बातचीत करेंगे। सीएम ने कहा कि कारीगरों के हुनर को सम्मान, कारोबार को विस्तार और युवाओं को रोजगार के साथ भदोही की समृद्धि नए उत्तर प्रदेश में विरासत और विकास के संगम की नई पहचान बन रही है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 4 October 2026 at 16:29 IST