'मुस्कुराइए,आप लखनऊ में हैं, मगर मुस्कुराने की जगह रोने को मजबूर...', CM योगी ने सपा शासन में हुए विकास कार्यों पर फिर उठाए सवाल
लखनऊ कैंट कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा आज से 20 साल पहले लखनऊ का जाम, संकरी गलियां और गंदगी को देखकर लोगों को मुस्कुराने की जगह रोने के लिए मजबूर होना पड़ता था।
- भारत
- 2 min read
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को विकास की नई सौगात देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ छावनी को ‘मॉडल छावनी’ के रूप में विकसित करने के लिए 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने सपा के शासनकाल में हुए विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले लखनऊ का जाम, संकरी गलियां और गंदगी को देखकर लोगों को मुस्कुराने की जगह रोने के लिए मजबूर होना पड़ता था।
लखनऊ कैंट में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, "आज से 20 साल पहले लखनऊ रेलवे स्टेशन पर एक बोर्ड पर लिखा होता था कि 'मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं' मगर तब लखनऊ का जाम, संकरी गलियां और गंदगी को देखकर लोगों को मुस्कुराने की जगह रोने के लिए मजबूर होना पड़ता था। "
लखनऊ अब स्मार्ट सिटी के रूप में पहचान रखता है-योगी
लखनऊ में हुए विकास कार्यों के बारे में बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, "आज मैं कह सकता हूं कि लखनऊ ने अपनी पुरानी विरासत के साथ ही आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी एक पहचान को बनाया है। आज लखनऊ में पुरानी गलियां भी हैं और स्मार्ट रोड तथा सीएम ग्रिड की आधुनिक सड़कें भी हैं। शहर की संकरी गलियों के साथ किसान पथ जैसा आउटर रिंग रोड भी मौजूद है। "
विरासत और आधुनिक विकास का संगम लखनऊ
सीएम योगी ने आगे कहा, "आज लखनऊ में एक तरफ ऊदा देवी पासी और महाराजा बिजली पासी जैसी महान विभूतियों की ऐतिहासिक विरासत है तो दूसरी ओर रक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों के निर्माण का केंद्र भी लखनऊ बन रहा है।लखनऊ अपनी चिकनकारी और हस्तशिल्प के लिए पूरी दुनिया में पहचान रखता है। शहर की खानपान और सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिली है। विरासत और आधुनिक विकास का यह संगम लखनऊ को देश के प्रमुख शहरों में अलग पहचान दे रहा है।"
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 30 August 2026 at 14:57 IST