Noida Protest: 'पुलिस पर लाठीचार्ज करेंगे, मिर्च पाउडर लाना भाइयों...', उपद्रवियों को इस तरह भड़काया; पुलिस को मिला सन्न कर देने वाला AUDIO
वेतन में वृद्धि, साप्ताहिक अवकाश, दोगुना ओवर टाइम जैसे अन्य मांगों को लेकर श्रृमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बीच नोएडा पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस को प्रदर्शन से जुड़ी एक ऑडियो क्लिप मिली है।
Noida Protest: वेतन में वृद्धि, साप्ताहिक अवकाश, दोगुना ओवर टाइम जैसे अन्य मांगों को लेकर श्रृमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बीच नोएडा पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस को प्रदर्शन से जुड़ी एक ऑडियो क्लिप मिली है जिसमें एक शख्स उपद्रवियों से पुलिस पर हमला करने की अपील कर रहा है। वो कह रहा है कि भाईयों पुलिस पर कल (मंगलवार) हमला करना है। हमारे बहुत सारे भाई-बहन घायल हुए हैं। सभी को अपने साथ लाठी-डंडे और लाल मिर्च का पाउडर लेकर चलना है।
इतना ही नहीं, पुलिस को Whatsapp मैसेज का एक स्क्रीनशॉट भी मिला है जिसमें एक आरोपित ने लाठी डंडे से अलग मिर्ची पाउडर लेकर चलने की बात लिखी है। आपको बता दें कि अभी तक पुलिस ने 50 ऐसे बॉट हैंडल चिन्हित किए हैं, जिसे नोएडा में विभिन्न स्थानों पर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को घेरते हुए माहौल बिगड़ने के लिए प्रयोग किया गया है।
हिंसा का पैटर्न आया सामने
नोएडा में प्रदर्शन के नाम पर हिंसा फैलाने का पैटर्न सामने आया है। एक ग्रुप जो ट्रेंड नजर आ रहे थे उन्होंने पहले एक स्थान पर आगजनी की। फिर साजिश के तरह दूसरे लोकेशन पर बढ़े। पुलिस को संदिग्धों का लिंक छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से जुड़े मिले हैं। पुलिस ने बताया कि WhatsApp ग्रुप बनाकर अफवाहें फैलाई गईं। मौत और हमले की झूठी खबरें वायरल की गईं। पोस्ट हटने के बाद स्क्रीनशॉट शेयर कर डर फैलाया गया।
नोएडा सेंट्रल डीसीपी शैव्या गोयल ने क्या कहा
नोएडा सेंट्रल डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक ही घटना को तीन अलग-अलग जगहों का बताया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में घरों में काम करने वाली महिलाओं ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। स्थिति पूरी तरह काबू में है। ये महिलाएं फैक्ट्री में काम करने वाली मजदूर नहीं हैं।
क्या हैं श्रमिकों की प्रमुख मांगें
- अकुशल को 12 हजार और कुशल श्रमिकों को 20 हजार वेतन मिले
- ओवरटाइम पर दोगुना भुगतान
- हर महीने की 10 तारीख को वेतन भुगतान
- सप्ताह में एक दिन अवकाश मिले
- नवंबर तक बोनस का भुगतान
- सुरक्षित कार्य क्षेत्र और व्यवस्था
नोएडा पुलिस ने अभी तक दर्ज की है 10 मुकदमे
विभिन्न स्थानों पर हुए उपद्रव के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने अराजक तत्वों के खिलाफ विभिन्न थानों में आठ मुकदमे दर्ज किए हैं जबकि इंटरनेट मीडिया पर लगातार भ्रामक वीडियो प्रसारित कर अफवाह फैलाने के मामले में अलग अलग थानों में दो अकाउंट होल्डर पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
DGP राजीव कृष्ण लखनऊ के कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग कर रहे। उन्होंने कहा- हिंसा और आगजनी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षतिग्रस्त संपत्ति की भरपाई भी उपद्रवियों से कराई जाएगी। वहीं, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा- अब तक 300 से अधिक गिरफ्तारियां की गई हैं। अफवाह फैलाने वाले कुछ ग्रुप आइडेंटिफाई किए गए हैं। कुछ ऐसे लोग हैं, जो अलग-अलग जगहों पर भी पाए गए हैं। 50 X हैंडल के जरिए हिंसा के लिए उकसाया गया।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 14 April 2026 at 14:18 IST