बृजभूषण शरण सिंह आखिर किस बात से डरे? राम मंदिर के चढ़ावे में गबन के आरोपों पर बोले- 'सच बोल दिया तो परेशानी में पड़ जाऊंगा'
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे के चोरी के मामले पर बृजभूषण शरण सिंह ने ऐसा बयान दिया जिस पर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह डर के कारण सच नहीं बोल सकते।
- भारत
- 2 min read
Brij Bhushan Sharan Singh: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के दावे पर सियासत जारी है। इस मामले को लगातार विपक्ष उठा रहा है। इस बीच बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने हैरान कर देने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मैं सच बोल दूंगा तो परेशानी में आ जाऊंगा।
गोंडा पहुंचने पर मीडिया से बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने संकेत दिया कि इस मामले में ताकतवर लोगों के शामिल होने की संभावना है। फिलहाल वह इस मुद्दे पर ज्यादा नहीं बोलना चाहते, लेकिन समय आने पर पूरे मामले का सच सामने रखेंगे।
डर के मारे सच नहीं बोल सकता- बृजभूषण
राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले बृजभूषण सिंह ने एक समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा, 'अगर सच बोल दूंगा तो बहुत चोट लगेगी। मैं खुद विवाद में फंस जाऊंगा। क्योंकि वो लोग बहुत पावरफुल लोग हैं। इसलिए डर के मारे मैं सच नहीं बोल रहा। मैं डर की वजह से सच नहीं बोल सकता।'
अखिलेश यादव ने लगाए थे आरोप
राम मंदिर चढ़ावे में चोरी का मामला पिछले कई दिनों से चर्चा में बना हुआ है। अखिलेश यादव ने करोड़ों रुपये का चढ़ावा गायब होने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर लिखा था, 'समस्त विश्व में भगवान राम के उपासकों के लिए ये एक बेहद संवेदनशील समाचार है कि ‘राम मंदिर’ के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब पाई गई है। ये मंदिर ट्रस्ट के लिए अत्यंत शर्मनाक स्थिति है। कोई भी सफाई देने के लिए सामने नहीं आना चाहता है। न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेने की मांग है क्योंकि इसका सीधा संबंध वैश्विक स्तर पर समस्त सनातनी समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से जुड़ा है। सरकार की चुप्पी संदिग्ध है।'
मंदिर के पूर्व लेखा प्रभारी ने भी किया दावा
इसके बाद मंदिर के पूर्व लेखा प्रभारी महिपाल सिंह ने दावा किया था कि कई सालों से चोरी हो रही थी और इसकी जानकारी ट्रस्ट को दी गई थी। इसके बावजूद सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दिए गए और उन्हें हटा दिया गया।
चंपत राय ने आरोपों का किया खंडन
हालांकि, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इन आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने बताया कि इंटरनल ऑडिट चल रहा है, जो कई दिनों तक चलता है। ट्रस्ट और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े लोग साझा रूप से ये काम करते हैं। अभी तक कोई उल्लेखनीय बात सामने नहीं आई है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 12 June 2026 at 11:38 IST