UP: प्रेमी से कराई पति की कराई हत्या, WhatsApp पर लेती रही मर्डर का लाइव अपडेट...'नीले ड्रम' वाली मुस्‍कान से खतरनाक निकली बागपत की उर्मिला

पुलिस पूछताछ में जो खुलासे हुए, वे बेहद चौंकाने वाले थे। आरोपी सिकंदर प्रमोद की ही एक दुकान किराए पर लेकर बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। इसी दौरान उसका प्रमोद के घर आना-जाना हुआ और प्रमोद की पत्नी उर्मिला से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं।

 
Follow :
UP: प्रेमी से कराई पति की कराई हत्या, WhatsApp पर लेती रही मर्डर का लाइव अपडेट...'नीले ड्रम' वाली मुस्‍कान से खतरनाक निकली बागपत की उर्मिला | Image: X

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के कोताना गांव में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची और पति को मौत के घाट उतार दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के दौरान पत्नी घर बैठे WhatsApp के जरिए अपने प्रेमी से एक-एक पल की अपडेट ले रही थी। जैसे ही प्रेमी ने पति की मौत की पुष्टि की, शातिर पत्नी ने उसका नंबर तुरंत ब्लॉक कर दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पत्नी उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना 18 अक्टूबर 2026 की है। कोताना गांव के रहने वाले करीब 50 वर्षीय प्रमोद उर्फ मोगली शाम को घर से रामलीला देखने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वे वापस नहीं लौटे। काफी देर तक जब प्रमोद घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कुछ ही देर बाद उनका शव गांव के ही एक खेत में ट्यूबवेल के पास संदिग्ध हालात में मिला। परिवार में कोहराम मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में ही मामला सामान्य मौत का नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत हुआ। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गहराई से तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान जैसे-जैसे कड़ियां जुड़ीं, शक की सुई प्रमोद की पत्नी उर्मिला और गांव के ही एक युवक सिकंदर पर आकर टिक गई।

किराए की दुकान से शुरू हुई थी नजदीकियां

पुलिस पूछताछ में जो खुलासे हुए, वे बेहद चौंकाने वाले थे। आरोपी सिकंदर प्रमोद की ही एक दुकान किराए पर लेकर बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। इसी दौरान उसका प्रमोद के घर आना-जाना हुआ और प्रमोद की पत्नी उर्मिला से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। देखते ही देखते दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और वे चोरी-छिपे होटलों में भी मिलने लगे।

कुछ समय बाद प्रमोद के बेटे को मां और सिकंदर के अवैध संबंधों की भनक लग गई। इसके बाद परिवार के दबाव में सिकंदर ने प्रमोद के घर आना-जाना बंद कर दिया, लेकिन दोनों का संपर्क फोन पर बना रहा। पुलिस के मुताबिक, उर्मिला अपने प्रेमी सिकंदर के साथ देहरादून जाकर एक नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी, जिसके रास्ते में उसका पति प्रमोद सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था। इसी बाधा को दूर करने के लिए दोनों ने प्रमोद को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया।

ऐसे रची गई कत्ल की साजिश

पुलिस की पूछताछ और कॉल डीटेल से सामने आया कि वारदात वाले दिन यानी 18 अक्टूबर को उर्मिला ने सिकंदर को अपने घर पर बुलाया था। वहां उसने सिकंदर को दो गोलियां दीं, जिन्हें प्रमोद की शराब में मिलाकर उसे अत्यधिक नशे में धुत करना और फिर उसकी हत्या करना था।

योजना के तहत सिकंदर ने प्रमोद को कोताना के प्राथमिक विद्यालय के पास शराब का एक क्वार्टर दिया और उसे अपने ट्यूबवेल पर चलने को कहा। खुद सिकंदर CCTV कैमरों और ग्रामीणों की नजरों से बचने के लिए सड़क के बजाय खेतों के रास्ते से ट्यूबवेल की तरफ पहुंचा—यह सलाह भी उर्मिला ने ही उसे दी थी।

WhatsApp पर लेती रही कत्ल का लाइव अपडेट

ट्यूबवेल पर पहुंचने के बाद सिकंदर ने प्रमोद की शराब में उर्मिला की दी गई गोलियां मिला दीं। जब प्रमोद को नशा होने लगा, तो सिकंदर ने उसे जमीन पर गिराने का प्रयास किया। प्रमोद ने जब इसका विरोध किया, तो गुस्से में आकर सिकंदर ने शराब की खाली बोतल से उसके सिर पर ताबड़तोड़ तीन से चार वार किए। बोतल टूटने के बाद भी वह नहीं रुका और उसके आधे टूटे हिस्से से प्रमोद पर हमला करता रहा।

जब प्रमोद अछूत होकर बेहोश हो गया, तो सिकंदर उसे ट्यूबवेल से करीब 20-25 कदम दूर गन्ने (ईख) के खेत में खींचकर ले गया। वहां उसने यह सुनिश्चित किया कि प्रमोद की सांसें थम चुकी हैं या नहीं।

इस पूरी वारदात के दौरान सबसे शातिर और खौफनाक पहलू यह रहा कि उर्मिला लगातार WhatsApp के जरिए सिकंदर के संपर्क में थी। वह मैसेज कर-कर के पूछती रही कि वहां क्या चल रहा है और स्थिति कैसी है। कत्ल को अंजाम देने के बाद सिकंदर सीधे रामलीला देखने पहुंच गया। वहां पहुंचने पर उसने उर्मिला को मैसेज कर पति की हत्या की पूरी पुष्टि कर दी। इसके बाद शातिर पत्नी ने सबूत मिटाने के अंदाज में सिकंदर का नंबर WhatsApp पर ब्लॉक कर दिया और यह तय किया कि जरूरत पड़ने पर वह खुद संपर्क करेगी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा सलाखों के पीछे

बड़ौत कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, WhatsApp चैट्स और कड़ाई से की गई पूछताछ के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी महज कुछ दिनों में सुलझा ली। पुलिस ने आरोपी पत्नी उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना से जुड़े अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।

इसे भी पढ़ें- होटल रूम में महिला हाउसकीपिंग स्टाफ का किया यौन शोषण! भारतीय पैराएथलीट शम्स आलम ने की शर्मनाक हरकत, गिरफ्तार कर जापान ने किया डिपोर्ट
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 22 October 2026 at 12:56 IST