UP: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर ट्रक से टकराई बेबी रानी मौर्य की फॉर्च्यूनर, बाल-बाल बचीं CM योगी की मंत्री
Baby Rani Maurya Accident News: कैबिनेट मंत्री की फॉर्च्यूनर गाड़ी के आगे एक ट्रक चल रहा था, अचानक उसका टायर फट गया। जिसके बाद अनियंत्रित होकर वह कैबिनेट मंत्री की गाड़ी से जा टकराया। फॉर्च्यूनर चालक की सूझबूझ से हालातों को तत्काल प्रभाव से काबू में करने का पूरा प्रयास किया गया। इस दौरान फॉर्च्यूनर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
- भारत
- 2 min read
Baby Rani Maurya Accident News: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के एक्सीडेंट की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर मंत्री बेबी रानी मौर्य की फॉर्च्यूनर की ट्रक से टक्कर हो गई। गनीमत यह रही कि इसमें मंत्री बाल-बाल बच गई हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य की गाड़ी का फिरोजाबाद में एक्सीडेंट हुआ है। घटना लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर लखनऊ आते समय हुई है। इस घटना के बाद मंत्री का एक्स पर बयान भी आया है।
ट्रक का टायर फटने से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने अपने प्रभारी जनपद हाथरस में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद लखनऊ प्रस्थान कर रही थीं। तभी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद जनपद के समीप करीब 56वें किलोमीटर पर कैबिनेट मंत्री के साथ हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे पर दोनों तरफ का यातायात एक ही मार्ग से संचालित हो रहा था।
कैबिनेट मंत्री की फॉर्च्यूनर गाड़ी के आगे एक ट्रक चल रहा था, अचानक उसका टायर फट गया। जिसके बाद अनियंत्रित होकर वह कैबिनेट मंत्री की गाड़ी से जा टकराया। फॉर्च्यूनर चालक की सूझबूझ से हालातों को तत्काल प्रभाव से काबू में करने का पूरा प्रयास किया गया। इस दौरान फॉर्च्यूनर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया गया। हादसे में बाल बाल बचीं कैबिनेट मंत्री दूसरे वाहन में सवार होकर लखनऊ रवाना हो गईं। हादसे के बाद कैबिनेट मंत्री ने पुलिस के अधिकारियों को एक्सप्रेसवे पर हादसों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में सकुशल - मंत्री
मंत्री बेबी रानी मौर्य ने अपने एक्स हैंडल पर रात की इस घटना की कुछ तस्वीरों को शेयर करके घटना की जानकारी दी है। उन्होंने कहा, "परमपिता परमेश्वर की असीम कृपा एवं आप सभी मेरे प्रिय शुभचिंतक, देवतुल्य जनता जनता जनार्दन के असीम आशीर्वाद से आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में सकुशल हूं।"
Published By : Amit Dubey
पब्लिश्ड 24 October 2025 at 23:53 IST