Ayodhya Deepotsav 2025: 26 लाख से अधिक दीयों से जगमग हुई रामनगरी, दुल्हन की तरह सजी अयोध्या; CM योगी ने खुद लिया दो वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट
Ayodhya Deepotsav 2025: अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव समारोह के दौरान बनाए गए दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए। एक साथ सबसे अधिक लोगों द्वारा 'दीये' जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।
Ayodhya Deepotsav 2025: दिवाली से एक दिन पहले भगवान राम की नगरी अयोध्या में आज दीपोत्सव का आयोजन हुआ है। इसको देखते हुए अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इस खास अवसर पर मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की इस पावन जन्मभूमि पर दीपोत्सव से पूरी अयोध्या नगरी प्रकाशमान हो उठी है।
दीपोत्सव के इस खास मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में पहुंचे हुए हैं। उन्होंने पतित पावनी सरयू मैया के तट पर लाखों दीपों के स्वर्णिम तेज के मध्य, मां की महाआरती की। सीएम योगी ने कहा कि 2017 में जब हम लोगों ने पहला दीपोत्सव करने का निर्णय लिया था। इसके पीछे का भाव एक ही था कि दुनिया को दीप प्रज्ज्वल कैसे और किस उपलक्ष्य में होने चाहिए।
रामनगरी अयोध्या में जलाए गए 26 लाख से अधिक दीये
मिली जानकारी के अनुसार, अयोध्या में इस बार 9वां दीपोत्सव मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर पूरी अयोध्या नगरी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भारी सुरक्षा और भक्ति के माहौल के बीच अयोध्या और सरयू नदी के किनारे करीब 26 लाख से अधिक दीये जलाए गए हैं। यह अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड भी बन गया है।
2017 में अयोध्या में इस उत्सव की शुरुआत हुई थी और अब हर साल इसका धूमधाम से आयोजन हो रहा है। इतना ही नहीं, हर साल दीयों की संख्या भी बढ़ती जाती है।
राम की पैड़ी पर लेजर लाइट शो के साथ रामलीला का मंचन
इस दीपोत्सव के मौके पर और भी कई कार्यक्रम होते हैं, जिनमें ड्रोन शो, लेजर लाइट शो, शोभा यात्रा आदि प्रमुख हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, आज इस खास मौके पर अयोध्या में सरयू नदी के तट पर स्थित राम की पैड़ी पर लेजर और लाइट शो के साथ रामलीला का मंचन किया गया है।
वीडियो में आप देख सकते हैं कि दीयों और रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगाते घाट के साथ, यहां दीपोत्सव मनाया जा रहा है।
अयोध्या में बने दो विश्व रिकॉर्ड
अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव समारोह के दौरान बनाए गए दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए। एक साथ सबसे अधिक लोगों द्वारा 'दीये' जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। साथ ही, पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन, अयोध्या द्वारा 26 लाख 17 हजार 215 तेल के दीयों का सबसे बड़ा प्रदर्शन भी किया गया।
अयोध्या दीपोत्सव 2025 : एक नजर में पूरा कार्यक्रम
1. शोभा यात्रा
प्रभु श्रीराम के आगमन का भव्य दृश्य प्रस्तुत करती झांकियां
10:00 AM – 2:00 PM
2. राज्याभिषेक समारोह
प्रभु श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक
3:10 PM – 3:30 PM
3. विश्व रिकॉर्ड दीपोत्सव
26 लाख से अधिक दीपों का सामूहिक प्रज्वलन
5:50 PM – 6:15 PM
4. डिजिटल भव्यता की शाम
3D प्रोजेक्शन, लेज़र और ड्रोन शो के माध्यम से रामायण दर्शन
6:15 PM – 6:45 PM
5. सांस्कृतिक संध्या
रामलीला मंचन, भजन संध्या एवं पुरस्कार वितरण
7:25 PM – 8:45 PM
Published By : Amit Dubey
पब्लिश्ड 19 October 2025 at 19:45 IST