'योगी जी फैजाबाद गए, वहां किसान एक बोरी खाद के लिए तरस रहे हैं, वो चुनाव को लेकर परेशान हैं क्योंकि अखिलेश...', सपा सांसद अवधेश प्रसाद का पलटवार
अवधेश प्रसाद ने पलटवार करते हुए कहा कि योगी जी फैजाबाद गए थे वहां पर उन्होंने विकास की कोई बात नहीं कही। असल में वे बहुत परेशान हैं कि अखिलेश यादव सीएम बनेंगे और इसी चिंता में 'बाबा' कुछ भी बोले जा रहे हैं।'
- भारत
- 3 min read
Awadesh Prasad on CM Yogi Statement: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी मंदिर में नमाज पढ़े जाने का मसला एक बार फिर छेड़ दिया। उनके इस बयान पर अब समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सीएम ने विकास, पेपर लीक समेत अहम मुद्दों पर कोई बात नहीं की। उन्होंने ऐसा भाषण सिर्फ अपनी पहचान बचाने के लिए दिया है। आगामी चुनाव के बाद अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, इसी की चिंता उन्हें खाए जा रही है और वह कुछ भी बोले जा रहे हैं।
अवधेश प्रसाद ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, 'योगी जी फैजाबाद गए थे वहां पर उन्होंने विकास की कोई बात नहीं कही। जबकि किसान एक-एक बोरी खाद के लिए परेशान है, अस्पताल की हालत बहुत खराब है विकास नाम की कोई चीज नहीं है। केवल उन्होंने इस बात की कोशिश की कि उनकी जो पहचान है वो कम न हो। पेपर लीक से छात्र परेशान है आत्महत्याएं करने के लिए उतर रहा है और जितना हमने विकास किया था उसके अलावा एक इंच विकास नहीं हुआ है।'
'…चिंता में 'बाबा' कुछ भी बोले जा रहे'
उन्होंने आगे कहा, 'वे (सीएम योगी) बस अपनी पहचान बचाने के लिए ऐसा भाषण दिए हैं। चुनाव के लिए वो बहुत परेशान हैं क्योंकि लोगों में PDA और अखिलेश यादव के प्रति विश्वास बढ़ता जा रहा है और दूसरी तरफ (भाजपा) इनकी तरफ विश्वास घटता जा रहा है। वे बहुत परेशान हैं कि अखिलेश यादव सीएम बनेंगे और इसी चिंता में 'बाबा' कुछ भी बोले जा रहे हैं।'
सीएम योगी ने क्या कहा था?
सीएम योगी ने दान चोरी मामले में आस्था से खिलवाड़ किए जाने के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा, 'जो लोग आस्था की बात करते हैं, उन्होंने तो हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज का आयोजन किया था। कल्पना करिए क्या कांग्रेस या समाजवादी पार्टी कभी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित कर पाएगी? क्या सरकारें करवा पाएंगी? अगर नहीं करा पाएगी तो फिर, यह पाप क्यों करवाया गया?'
उन्होंने आगे समाजवादी पार्टी और वर्तमान सरकार में अयोध्या की स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तब सरयू घाट पर आ भी नहीं सकता था। गंदगी पहचान बन गई थी। आज अयोध्या तीनों लोको से न्यारी है। वहां की गलियां अब चमक रही है। लाइट रहती है। पीएम मोदी के विजन अनुरूप सूर्यवंश की राजधानी भगवान सूर्य की रोशनी से ही रात्रि में भी जगमग होती है। अब अयोध्या सोलर सिटी बन गई है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 10 July 2026 at 20:34 IST