हाथ में हथकड़ी, जनाजे की नमाज और चाचा सलाम... भाई अबान को दफन कर जेल वापस लौटते वक्‍त अतीक के बेटों ने ओवैसी को भेजा एक पैगाम, जानिए क्या?

शौकत अली ने बताया कि मस्जिद में उमर ने उन्हें देखते ही सलाम किया और कहा, "चाचा, सदर साहब (असदुद्दीन ओवैसी) को हमारा सलाम कहिएगा।"

 
Follow :
हाथ में हथकड़ी, जनाजे की नमाज और चाचा सलाम... भाई अबान को दफन कर जेल वापस लौटते वक्‍त अतीक के बेटों ने ओवैसी को भेजा एक पैगाम, जानिए क्या? | Image: X

माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed) के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (aaban ahmed) की 6 अगस्त को झांसी-कानपुर हाईवे पर कार दुर्घटना (Car Accident) में मौत हो गई थी। प्रयागराज में हुए सुपुर्द-ए-खाक में जेल से कस्टडी पैरोल पर आए उनके भाई मोहम्मद उमर और अली अहमद (Umar Ahmed And Ali Ahmed) ने अंतिम रस्में अदा कीं और जेल लौटने से पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ( aimim chief asaduddin owaise) के लिए एक संदेश भेजा।

अबान अहमद के जनाजे में शामिल होने के लिए यूपी AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली भी प्रयागराज (Prayagraj) पहुंचे थे। भीड़ और पुलिस सुरक्षा घेरे के चलते उमर और अली को मगरिब की नमाज के लिए पास की एक मस्जिद में ले जाया गया, जहां शौकत अली से उनकी मुलाकात हुई। शौकत अली ने बताया कि मस्जिद में उमर ने उन्हें देखते ही सलाम किया और कहा, "चाचा, सदर साहब (असदुद्दीन ओवैसी) को हमारा सलाम कहिएगा।" शौकत अली ने यह बात बाद में बहराइच के मटेरा में एक जनसभा में भी दोहराई, जहां वे चुनाव लड़ रहे हैं।

हथकड़ी पहने नमाज पढ़ने का वीडियो हुआ वायरल

अतीक अहमद के बेटे मोहम्मद उमर द्वारा छोटे भाई अबान के जनाजे की नमाज पढ़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। वीडियो में देखा जा सकता है कि उमर के हाथों में हथकड़ी लगी है और बगल में पुलिस के जवान खड़े रहे। शौकत अली ने बताया, "50 से ज्यादा पुलिस वाले उन्हें हथकड़ी लगाकर अपने घेरा में लिए हुए थे। अतीक के बड़े बेटे ने कहा कि मैं अपने भाई की नमाज-ए-जनाजा पढ़ाऊंगा। यह मंजर देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए।

AIMIM के साथ पुराना सियासी रिश्ता

अतीक अहमद के परिवार का AIMIM के साथ सियासी संबंध रहा है। सितंबर 2021 में अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और बेटे उमर ने लखनऊ में AIMIM की सदस्यता ली थी। हालांकि शाइस्ता ने बाद में निकाय चुनाव से पहले बसपा का रुख कर लिया, लेकिन अतीक और उनके बेटे AIMIM के सदस्य बने रहे। उमर यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों में AIMIM के लिए जनसभाएं भी करते नजर आए थे। मेरठ में उनका दिया भाषण काफी वायरल हुआ था, जिसके चलते शौकत अली से उनकी अच्छी जान-पहचान थी।

हादसा कैसे हुआ

पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे कानपुर-झांसी हाईवे पर झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार क्रेटा कार झांसी-कानपुर हाईवे पर प्रयागराज से झांसी की ओर आ रही थी। अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

हादसे में आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद एवं सोनू खान के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। अबान अहमद को उनके पिता अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में दफनाया गया है। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के बाद दोनों भाई परिजनों से मिले और फिर कड़ी सुरक्षा में वापस जेल चले गए।

इसे भी पढ़ें- स्‍कार्फ पहनी महिला, बीच में बच्चा और काला चश्‍मा पहने राहुल गांधी...गिरिराज सिंह ने फोटो शेयर कर पूछे कई सवाल, बोले- बताइए ये लोग कौन हैं?
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 12 August 2026 at 12:28 IST