'सपा 2014 से 2024 तक लगातार हारी, BJP को नहीं रोक पाई', आजम खान के वोट कटवा वाले तंज पर ओवैसी का पलटवार, चुनावी रिकॉर्ड गिनाकर पूछा- इसे क्या कहेंगे?

आजम खान के 'वोट कटवा' वाले बयान पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सपा के पिछले चुनावी रिकॉर्ड पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 में चुनाव हार गई। वे BJP को रोक नहीं पाए। इसे क्या कहेंगे?

 
Follow :
असदुद्दीन ओवैसी आजम खान | Image: ANI

Asaduddin Owaisi: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा), AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच सियासी खींचतान तेज हो गई है। हाल ही में सपा के घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर तीखा हमला बोला। आजम खान के 'वोट कटवा' वाले बयान पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

आजम खान ने कहा कि कुछ लोग न तो खुद किंगमेकर बन सकते हैं और न ही किसी को सरकार बनवा सकते हैं, लेकिन दूसरों का खेल जरूर बिगाड़ सकते हैं। खुद को 'बहता हुआ दर्द का समंदर' बताते हुए उन्होंने कहा कि वे गंदा नाला नहीं हैं, जो इंसानों के दिल बांटे या बस्तियां बर्बाद करें। उन्होंने कहा, 'हम वोट कटवा नहीं हैं, वोट जुड़वा हैं। हम लोगों को जोड़ते हैं।'

सपा की वजह से जीत रही बीजेपी- ओवैसी

आजम खान के इस बयान पर पलटवार करते हुए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सपा के पिछले चुनावी रिकॉर्ड पर सवाल उठाए। ओवैसी ने कहा कि सपा 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 तक लगातार कई चुनाव हार चुकी है और भाजपा को रोकने में नाकाम रही है। क्या इसके लिए उन्हें कोई 'ओलंपिक गोल्ड मेडल' दिया जाएगा?

November 27, 2026

आंकड़ों का हवाला देते हुए क्या बोले?

इतना ही नहीं, उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए यह भी तंज कसा कि 2022 से 2025 के बीच 13 राज्यों की लगभग 600 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद सपा केवल 114 सीटें ही जीत पाई, जिनमें से 111 अकेले उत्तर प्रदेश की थीं।

ओवैसी ने सपा पर लगाया आरोप

ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अपनी चुनावी हार से सबक लेने के बजाय दूसरों पर ठीकरा फोड़ती है। उन्होंने भाजपा की राजनीतिक सफलता के लिए भी सपा की कमजोर रणनीति को ही जिम्मेदार ठहराया।

यह भी पढ़ें: 'गुंडागर्दी, माफियागिरी और महिलाओं के प्रति अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे', अखिलेश यादव ने मजबूत लॉ एंड ऑर्डर का दिया वचन

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 27 November 2026 at 08:43 IST