अपडेटेड 4 June 2024 at 16:39 IST
Amethi: चौंकाने वाले नतीजे की ओर अमेठी, स्मृति ईरानी को अपने बूथ पर मिली हार
अमेठी के चौंकाने वाले नतीजों में स्मृति ईरानी अपना बूथ भी हार गई हैं। स्मृति ईरानी ने अमेठी में पहली बार अमेठी विधानसभा के मवई गांव में मतदान किया था।
Amethi Election Update: उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) पर मजबूत बढ़त बनाई हुई। अमेठी के चौंकाने वाले नतीजों में स्मृति ईरानी अपना बूथ भी हार गई हैं। स्मृति ईरानी ने अमेठी में पहली बार अमेठी विधानसभा के मवई गांव में मतदान किया था। उन्हें अपने बूथ पर भी हार का सामना करना पड़ा है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक शाम 4:30 तक की मतगणना में कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने स्मृति ईरानी पर 1 लाख 38 हजार 143 वोटों की निर्णायक बढ़त ले ली है। अब किशोरी लाल शर्मा की जीत का महज औपचारिक बयान होना बाकी है। कांग्रेस प्रत्याशी मतगणना की शुरुआत से ही आगे रहे और चक्र दर चक्र उनकी बढ़त मजबूत होती गई। 8 लाख 44 हजार 658 वोटों की गिनती में किशोरी लाल शर्मा को 4 लाख 61 हजार 255 और स्मृति ईरानी को 3 लाख 23 हजार 112 वोट मिले हैं।
मुझे यकीन था 'किशोरी भैया' जीतेंगे
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अमेठी संसदीय क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार के केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ निर्णायक बढ़त कायम करने के बाद कहा कि उन्हें यकीन था कि 'किशोरी भैया' जीतेंगे। प्रियंका गांधी ने किशोरी लाल शर्मा के साथ की अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए X पर पोस्ट किया, उन्होंने लिखा- 'किशोरी भैया, मुझे कभी कोई शक नहीं था। मुझे शुरू से यकीन था कि आप जीतोगे। आपको और अमेठी के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई।
नेहरू-गांधी परिवार का सियासी गढ़ रही अमेठी
2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 55,120 मतों से हराकर बड़ा उलटफेर करने वाली स्मृति इस सीट से लगातार दूसरी बार मैदान में हैं। अमेठी लोकसभा सीट नेहरू-गांधी परिवार का सियासी गढ़ मानी जाती रही है। शुरुआत में अटकलें थीं कि कांग्रेस इस बार भी अमेठी से राहुल गांधी को मैदान में उतार सकती है, लेकिन ऐन वक्त पर पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करीबी सहयोगी किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतार दिया।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 4 June 2024 at 16:24 IST