अपडेटेड 9 March 2026 at 14:53 IST
ईरान जंग से जुड़े इन 7 मुद्दों पर संसद में चर्चा चाहते हैं अखिलेश यादव, सरकार को थमाई लिस्ट
Budget Session 2026: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने संसद में मचे हंगामे के बीच एक पोस्ट में बताया है। पोस्ट में उन्होंने वो मुद्दे बताए, जिन पर वो बजट सत्र के दौरान चर्चा चाहते हैं।
Akhilesh Yadav news: संसद के बजट सत्र का दूसरा सत्र आज (9 मार्च) से शुरू हो गया है। इस बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश ने वो 7 मुद्दे बताए हैं, जिन पर वो सदन में चर्चा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जब बजट सत्र शुरू हुआ था, तब विषय अलग थे। अब युद्ध की वजह से प्राथमिकताएं बदली जानी चाहिए।
सोमवार (9 मार्च) को संसद परिसर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बाद X पर यह पोस्ट शेयर किया।
अखिलेश यादव ने किया पोस्ट
इसमें उन्होंने लिखा, "जब संसद के बजट सेशन का अंतराल हुआ था तब विषय अलग थे और आज के युद्धकालीन हालातों की वजह से संकट के इस माहौल में हमारी प्राथमिकता निम्नलिखित विषयों पर होनी चाहिए।"
अखिलेश ने वो मुद्दे भी गिनाए, जिन्हें उनके मुताबिक संसद के बजट सत्र में प्राथमिकता दी जानी चाहिए और उन पर चर्चा होनी चाहिए।
- युद्ध के संदर्भ में देश का पक्ष व राय
- विदेश नीति के गिरवी रखने का विषय
- तेल जैसी आपूर्ति पर आत्मनिर्णय की जगह अमेरिकी आदेश का आना
- हमारी संप्रभुता और आत्मनिर्भरता का प्रश्न
- युद्ध से प्रभावित क्षेत्रों में फंसे वहां कार्यरत भारतीय या पर्यटक बनकर गए भारत के नागरिकों की सुरक्षा व उन्हें सकुशल भारत लाने का सवाल
- प्रधानमंत्री के साथ गए लेकिन युद्ध शुरू होने के कारण भारत न लौट पाए पत्रकारों व मीडियाकर्मियों को सुरक्षित देश वापस लाने का प्रश्न
- युद्ध के कारण जरूरी आपूर्ति को नियमित व सुनिश्चित करने के साथ ही उनके बढ़ते दामों को नियंत्रित करने का विषय
मिडिल ईस्ट संकट पर चर्चा चाहता है विपक्ष
संसद सत्र का पहला दिन काफी हंगामेदार रहा। संसद में विदेश मंत्री एस जयशंकर के मिडिल ईस्ट संकट पर बयान दिया, जिस पर कांग्रेस ने असंतोष जताया और मुद्दे पर चर्चा की मांग की। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राज्यसभा में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग को अस्वीकार कर दिया गया, जिसके बाद विपक्ष को वॉकआउट करना पड़ा।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 9 March 2026 at 14:53 IST