'गुंडागर्दी, माफियागिरी और महिलाओं के प्रति अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे', अखिलेश यादव ने मजबूत लॉ एंड ऑर्डर का दिया वचन
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कानून-व्यवस्था सुधारने का वचन दिया है। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी, माफियागिरी, भू-माफिया और महिलाओं के प्रति अपराध कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
- भारत
- 3 min read
PDA Pran Patra: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को अपना चुनावी मेनिफेस्टो 'संकल्प पीडीए का प्रण पत्र' जारी किया। इसमें उन्होंने बड़े-बड़े वादे किए हैं जिसमें से एक कानून व्यवस्था सुधारने का वचन भी है।
जी हां, अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की सबसे बड़ी ताकत माने जाने वाले 'लॉ एंड ऑर्डर' के भरोसे को सपा शासन में भी बहाल रखने का वादा किया है। उन्होंने वचन दिया कि सरकार बनने पर गुंडागर्दी, भू-माफिया और महिला अपराधों पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।
BJP सरकार में बड़े पैमाने पर भू-माफिया पैदा हुए- अखिलेश
पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, 'जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है, बड़े पैमाने पर जमीनें कब्जा हुई हैं। इस सरकार ने बड़े पैमाने पर भू-माफियाओं को पैदा किया है। अगर किसी शेयर का सैटेलाइट से मैप निकालेंगे, तो देखेंगे कि सबसे ज्यादा तालाबों पर कब्जा, सरकारी जमीनों पर कब्जा, कई पवित्र नगरियों पर सबसे ज्यादा जमीन कब्जाने का काम भाजपा की सरकार में हुआ है। इसलिए किसी भी माफिया या प्रभावशाली व्यक्ति को किसी की जमीन पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए एक विशेष एसटीएफ बनाई जाएगी, जो जमीनी विवादों को हल करने के लिए कार्रवाई करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी प्रभावशाली व्यक्ति किसी भी गरीब, पिछड़े और दलित एवं असहाय व्यक्ति की भूमि पर कब्जा न कर पाए। इसके लिए डायल 100 की तरह अलग रंग की गाड़ियां बनाई जाएंगी, जो निरंतर पेट्रोलिंग कर इस पर नियंत्रण सुनिश्चित करेगी।'
अखिलेश ने लॉ एंड ऑर्डर सुधारने का दिया वचन
सपा प्रमुख ने कहा, 'मैं आपको भरोसा दिलाता हूं, मैं वचन देता हूं कि अगली साल जब हम सत्ता में आएंगे, किसी भी कीमत पर कोई भी गुंडागर्दी, माफियागिरी, जमीन पर कब्जे, अवैध वसूली, डराना-धमकाना और महिलाओं के प्रति अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अपराधी चाहे किसी जाति का हो, किसी धर्म का हो या किसी पार्टी का हो/किसी भी पार्टी से संबंध रखता हो उसे कारागार भेज दिया जाएगा।'
‘मनविधान’ नहीं संविधान' से चलेगा देश- अखिलेश
उन्होंने निशाना साधते हुए आगे कहा, 'जब कुछ दबदबे वाले, वर्चस्ववादी और स्वार्थी लोग अपनी हजारों सालों की सत्ता को बनाए रखना चाहते हैं और इस कोशिश में वे संविधान में न केवल बदलाव करना चाहते हैं, बल्कि उसे पूरी तरह मिटा देना चाहते हैं- तो हम सभी, जो संविधान से प्यार करते हैं, हमें इसे अपना राष्ट्रीय और सामाजिक कर्तव्य मानना चाहिए कि हम एकजुट हों और संविधान को बदलने की सभी साजिशों को नाकाम कर दें। हमारा देश 'संविधान' से चलेगा, न कि 'मनविधान' (मनमानी) से। कुछ ऐसी ताकतें हैं जो 'संविधान' के बजाय 'मनविधान' के जरिए काम करना चाहती हैं। संविधान को लेकर एक लड़ाई चल रही है। एक तरफ वे लोग हैं जो सत्ता में आने के लिए संविधान का गलत इस्तेमाल करना चाहते हैं। दूसरी तरफ 'PDA' है, जो संविधान के तहत सामाजिक न्याय का शासन चाहता है; हम सभी भेदभावों को खत्म करना चाहते हैं और आरक्षण तथा समानता को बनाए रखना चाहते हैं।'
'अच्छे दिन कभी नहीं आए, बुरे दिन जाने वाले हैं'
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, 'हम संविधान दिवस के मौके पर अपना घोषणापत्र इसलिए जारी कर रहे हैं क्योंकि 'अच्छे दिन' तो कभी नहीं आए, लेकिन 'बुरे दिन' अब जाने वाले हैं। उन्हें पता है कि वे सत्ता से बाहर होने वाले हैं, इसलिए उनकी भाषा बदल गई है।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 27 November 2026 at 07:35 IST