अपडेटेड 8 March 2025 at 14:35 IST
'होली एक बार, जुमे साल में 52 बार', संभल CO के बयान पर अखिलेश यादव भी भड़के; कहा- भेदकारी BJP के राज में...
संभल CO अनुज चौधरी ने स्पष्ट संदेश दिया कि प्रशासन किसी भी पक्ष की कोई भी चीज बर्दाश्त करने की स्थिति नहीं है। कोई गड़बड़ी होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Akhilesh Yadav on Sambhal CO Statement: संभल के CO अनुज चौधरी का 'होली और जुमे' को लेकर दिया गया बयान चर्चाओं में बना हुआ है। उनके स्टेंटमेंट पर सियासत तेज हो गई है। विपक्ष उनके इस बयान पर हमलावर है। वहीं, इस बीच अखिलेश यादव की भी संभल CO के बयान पर प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि अधिकारी ही इस तरह की नकारात्मक बात करेंगे, तो फिर सौहार्द की रक्षा कैसे होगी?
इस बार होली और रमजान का दूसरा जुमा एक ही दिन पड़ रहा है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बीते दिनों एक पीस मीटिंग में संभल CO अनुज चौधरी यह कहते नजर आए कि सालभर में 52 जुमे आते हैं, जबकि होली का त्योहार एक बार आता है। ऐसे में किसी को अगर रंग से दिक्कत है तो वो इस दिन अपने घर से बाहर न निकलें।
अखिलेश यादव ने साधा निशाना
संभल CO के इसी बयान पर विवाद हो रहा है। विपक्षी नेता उनके बयान पर भड़क रहे हैं। इस बीच समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उनके स्टेंटमेंट को लेकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, "जिन अधिकारियों को होली और ईद के गले मिलने में एकरूपता देखनी चाहिए अगर वो ही नकारात्मक बात करेंगे तो भेदकारी भाजपा के राज में सौहार्द की रक्षा कैसे होगी।"
जेल में रहेंगे ऐसे लोग- रामगोपाल यादव
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने भी संभल CO के बयान पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि अनुज कुमार चौधरी ने ही दंगा भड़काया था। यह वही CO था जो गोली चलाने का आदेश दे रहा था। इससे आप क्या उम्मीद कर सकते हैं? यह कभी सही बात नहीं करता। जब सिस्टम बदलेगा तो ऐसे लोग जेल में ही रहेंगे।
क्या कहा था संभल CO अनुज चौधरी ने…?
संभल में होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन व्यापक तैयारी कर रहा है। हाल ही में संभल सदर कोतवाली में पीस कमेटी की एक बैठक बुलाई गई। इस मीटिंग में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। इसमें CO अनुज चौधरी ने स्पष्ट संदेश दिया कि प्रशासन किसी भी पक्ष की कोई भी चीज बर्दाश्त करने की स्थिति नहीं है। अगर कोई गड़बड़ी होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के लोगों से शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि साल में 52 के करीब जुमे आते हैं और होली एक बार आती है। जिस तरह मुस्लिम पूरे साल ईद का इंतजार करते हैं। वैसे ही हिंदू भी होली का इंतजार करते हैं।
अनुज चौधरी ने यह भी कहा कि मैं चाहता हूं सब मिलकर होली खेलों। मेरे भी रंग डालो, मैं तुम्हारे रंग डालो। हिंदू-मुस्लिम सब होली खेलें। मेरी सोच यह है कि रंग से कोई छोटा बड़ा नहीं होता। अगर वे अपने घर से बाहर जाना चाहते हैं, तो उन्हें इतना बड़ा दिल रखना चाहिए कि उन पर रंग पड़ जाए तो वह आपत्ति न करें।
उन्होंने कहा कि जिसको होली खेलनी हो और जिसमें कैपेसिटी हो रंग झेलने की, वो उस दिन वह बाहर निकले। अनावश्यक कोई भी शख्स बाहर न निकले। अपने बच्चों के साथ रहे। अपने घर में नमाज पढ़ें।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 8 March 2025 at 09:41 IST