अपडेटेड 9 February 2026 at 07:03 IST
'झूठ बखान से पहले सच्चाई बताओ...' अखिलेश यादव का योगी सरकार पर वार, आज से शुरू हो रहा यूपी विधानसभा का बजट सत्र
Uttar Pradesh news: यूपी विधानसभा के बजट सत्र की आज, 9 फरवरी से शुरुआत होने जा रही है। इससे पहले समाजवादी पार्टी ने सदन में सरकार को घेरने की रणनीति बना ली है। बजट पेश होने से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है।
Akhilesh Yadav news: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की आज (9 फरवरी) से शुरुआत होने जा रही है, जहां विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। इस बीच बजट सत्र की शुरुआत होने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सत्ताधारी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी बजट को लेकर झूठ की बखान करने से पहले जनता को पिछले बजट की सच्चाई बताए।
यूपी विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत 9 फरवरी को सुबह 11 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के विधानमंडल के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के साथ शुरू होगी। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना 11 फरवरी को बजट पेश करेंगे।
अखिलेश का सरकार पर हमला
बजट सत्र की शुरुआत से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने X पर एक पोस्ट के जरिए योगी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा, "इससे पहले कि भाजपा अगले बजट का झूठ बखाने, उससे पहले जनता का हक बनता है कि पिछले बजट की सच्चाई जाने। भाजपाई आत्मप्रचार का बजट शत-प्रतिशत से भी ज्यादा खर्च करते हैं।"
सपा ने बनाई सरकार को घेरने की रणनीति
बजट सत्र का पहला दिन हंगामेदार रह सकता है। सत्र शुरू होने से पहले सोमवार को विधानभवन में सपा के विधायक चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर प्रदर्शन करेंगे। उसके बाद सदन के अंदर राज्यपाल के अभिभाषण का विरोध करेंगे। बैठक में तय हुआ है कि सपा सत्र में SIR में गड़बड़ियों को मुखर ढंग से उठाएगी। साथ ही साथ बढ़ती मंहगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, खाद संकट समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा जाएगा। इसके अलावा कोडीन सिरप का मामला भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सीएम योगी की विपक्ष से अपील
दूसरी ओर, बजट सत्र से ठीक पहले रविवार (8 फरवरी) को विधान भवन में सर्वदलीय बैठक भी आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने की। सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों से सकारात्मक सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सबसे अहम मंच है, जहां जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर और स्वस्थ चर्चा की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि सरकार चाहती है कि सदन में जनहित के विषयों पर खुलकर बहस हो, जिससे प्रदेश के विकास को गति मिल सके।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 9 February 2026 at 07:03 IST