UP: वाराणसी एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान यात्री के लाइसेंसी पिस्टल से अचानक चली गोली, दो लोगों को लगे छर्रे; लहुलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलने से सुरक्षा एजेंसी की महिला कर्मी समेत दो कर्मचारी जख्मी हो गए
- भारत
- 2 min read
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलने से सुरक्षा एजेंसी की महिला कर्मी समेत दो कर्मचारी जख्मी हो गए। महिला के दाएं पैर और कमर के निचले हिस्से में छर्रे लगे हैं। कई जगह गहरे जख्म हो गए हैं। जबकि एक अन्य कर्मचारी के दाएं हाथ में गोली लगी है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। जिस यात्री की पिस्टल से गोली चली उससे पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा कि आजमगढ़ का एक यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था। उसके पास पिस्टल और मैगजीन थी। यात्री ने अपनी पिस्टल और मैगजीन को डिक्लेयर भी किया था। इसी दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई। गोली जमीन से लड़ने के बाद पास में खड़े एक लड़के और महिला को लग गई है। दोनों घायलों को हरहुआ के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
लोडेड थी पिस्टल, चेकिंग के दौरान चली गोली
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यात्री की पिस्टल लोडेड थी। पिस्टल को चेक करते समय गोली चल गई। गोली फर्श पर टकराकर 27 वर्षीय महिला कर्मचारी सुमन को लगी। सुमन मूल रूप से बिहार के गया की रहने वाली हैं। गोली सुमन की दाहिनी जांघ में लगी।
वहीं उनके पास ही खड़े एक अन्य कर्मचारी को भी गोली लग गई। सुमन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही टर्मिनल भवन में अफरातफरी मच गई। सीआईएसएफ और पुलिस दौड़ती हुई मौके पर पहुंच गई। दोनों घायल कर्मचारियों को निजी अपस्ताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बारे में स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई और मामले की जांच की जा रही है। गोमती जोन के पुलिस उपायुक्त और पिंडरा के सहायक पुलिस आयुक्त सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हवाई अड्डे पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 16 August 2026 at 14:01 IST