'कुत्ते की दुम कभी सीधी नहीं हो सकती...' सपा पर बरसे CM योगी, बोले- यह 'माफिया प्रवृत्ति' वाली पार्टी है

गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा को 'माफियावादी सोच' वाली पार्टी करार देते हुए कहा कि इनके नेता अपनी आदतों में कभी सुधार नहीं ला सकते।

 
Follow :

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गृह जनपद गोरखपुर को 880 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए उसे 'माफियावादी सोच' वाली पार्टी करार दिया। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि सपा नेताओं की मानसिकता कभी नहीं सुधर सकती।

880 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

सीएम योगी गोरधोइया नाला परियोजना के प्रथम चरण के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने 495 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरी हुई इस परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गोरधोइया नाला परियोजना के दूसरे चरण का शिलान्यास किया। गोरखपुर सीवरेज योजना (जोन ए-3) की आधारशिला रखी। नाले के समानांतर बनने वाली आधुनिक सर्विस रोड का शिलान्यास किया।

'गोरखपुर से मच्छर और माफिया, दोनों का खात्मा'

परियोजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह केवल एक ड्रेनेज या निर्माण कार्य का पूरा होना नहीं है, बल्कि गोरखपुर को समस्याओं से मुक्त करने का संकल्प है। उन्होंने कहा, "हमने गोरखपुर से मच्छर और माफिया दोनों का खात्मा करने की दिशा में पहला बड़ा प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।"

2017 से पहले के दौर और भू-माफिया का जिक्र

वर्ष 2017 से पहले की स्थिति की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अतीत में गंदगी, जलभराव और दूषित पेयजल के कारण एनसेफलाइटिस, डेंगू और मलेरिया जैसी जानलेवा बीमारियां फैलती थीं, जिससे हजारों मासूम बच्चों की अकाल मृत्यु हो जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन के दौरान भू-माफिया का इतना डर था कि एक परिवार को अपनी जमीन बचाने के लिए रातों-रात अपनी कोठियां तक तुड़वानी पड़ी थीं।

November 1, 2026

अपराधियों को सख्त चेतावनी- 'जेल जाएंगे या जहन्नुम'

अपराध और सुरक्षा पर अपनी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति को दोहराते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करते थे। आज माहौल पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जुर्म करने वालों के लिए उत्तर प्रदेश में कोई जगह नहीं है, उन्हें या तो जेल जाना होगा या फिर जहन्नुम।

एम्स और रोजगार के नए अवसर

गोरखपुर की बदलती तस्वीर का ब्यौरा देते हुए मुख्यमंत्री ने शहर में बनी फोरलेन सड़कों, पुनर्जीवित हुए खाद कारखाने, एम्स (AIIMS), बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सुदृढ़ीकरण और चार विश्वविद्यालयों की स्थापना जैसी प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब यहां के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता था, लेकिन आज बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और चौतरफा विकास के कारण बाहर से लोग गोरखपुर में काम की तलाश में आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें - '10 लाख नहीं, 40% तो खाली था मैदान..' दिल्ली में विपक्ष की रैली पर संबित पात्रा का करारा तंज

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 1 November 2026 at 21:26 IST