1993 देवबंद बम ब्लास्ट में 30 साल बाद आतंकी गिरफ्तार, पुलिसकर्मियों पर ग्रेनेड से किया था हमला
हिजबुल मुजाहिद्दीन का आतंकी नजीर अहमद उर्फ मुस्तफा बानी 1993 के देवबंद बम विस्फोट में आरोपी है। कोर्ट ने उसे 1994 में जमानत दी थी, जिसके बाद से वो फरार था।
Saharanpur News: सहारनपुर ATS और देवबंद पुलिस ने 31 साल से फरार चल रहे आतंकवादी नजीर अहमद उर्फ मुस्तफा बानी उर्फ जावेद इकबाल को गिरफ्तार किया है। ATS और देवबंद पुलिसन ने नजीर अहमद को जम्मू कश्मीर के श्रीनगर से गिरफ्तार किया है। नजीर अहमद उर्फ मुस्तफा बानी ने 1993 में देवबंद में पुलिस पर बम से हमला किया था, इस ब्लास्ट में दो पुलिसकर्मी और 4 आम नागरिक घायल हुए थे।
नजीर अहमद उर्फ मुस्तफा बानी 1993 के देवबंद बम विस्फोट में आरोपी है। कोर्ट ने उसे 1994 में जमानत दी थी, जिसके बाद से वो फरार चल रहा था। ATS को 1994 से ही उसकी तलाश थी। आतंकी मुस्तफा बानी सुरक्षा बलों से बचने के लिए अपना हुलिया और पहचान बदलकर अलग-अलग जगहों पर रहता था। पुलिस ने इसपर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। नजीर अहमद वानी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के लिए के लिए काम करता था।
पुलिसकर्मियों पर ग्रेनेड से किया था हमला
ATS और देवबंद पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी थी कि मुस्तफा बानी जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में छुपा है। रविवार को ATS और देवबंद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर में दबिश दी और मुस्तफा बानी को गिरफ्तार किया। सोमवार को उसे सहारनपुर लाया गया है। मुस्तफा बानी ने 26 अगस्त, 1993 में पुलिसकर्मियों पर ग्रेनेड से हमला किया था। जिसमें दो पुलिसकर्मियों कन्हैया लाल और अर्जुमन अली घायल हुए थे। इनके अलावा कई आम नागरिक भी घायल हुए थे। इस मामले में सैय्यद मुन्नवर हुसैन ने थाना देवबंद में FIR लिखवाई थी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि मौहल्ला युनियन तिराहा पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नियत से ग्रेनेड फेंका गया।
हिजबुल मुजाहिद्दीन के लिए कर रहा था काम
सहारनपुर देहात एसपी सागर जैन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 30 साल से आरोपी मुस्तफा बानी जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद से वो तारीख पर नहीं आ रहा था। कोर्ट ने 20 मई, 2024 को आरोपी के खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया था। आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। थाना देवबंद पुलिस और ATS सहारनपुर युनिट की संयुक्त टीम ने जम्मू कश्मीर के बड़गांव से गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश किया है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ATS यूनिट काफी समय से जुटी हुई थी। जम्मू कश्मीर में आंतकी के होने की भनक लगने के बाद टीम ने छापमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी देवबंद की घटना के बाद भी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के लिए काम करता रहा है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 18 November 2024 at 15:57 IST