अपडेटेड 1 March 2026 at 13:10 IST
US Iran War Flights Cancelled: युद्ध के कारण Indigo से लेकर AirIndia ने रद्द कीं उड़ानें, दुबई में फंसे हजारों यात्री; जानिए किस हवाई अड्डे का क्या है हाल
US Iran War Flights Cancelled: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात ने वैश्विक विमान क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। इसका असर भारत पर भी पड़ा है, जिसके कारण भारत से उड़ान भरने वाली कई अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें अचानक रद्द कर दी गई हैं। विमान सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयरलाइंस ने एहतियातन यह कदम उठाया है।
US Iran War Flights Cancelled: अमेरिका और ईरान के बीच गहराते सैन्य तनाव ने वैश्विक विमानन सेवाओं को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है, और इसका सीधा असर भारत पर भी पड़ा है। सुरक्षा कारणों से खाड़ी देशों के हवाई क्षेत्र के बंद होने के बाद, भारत के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता और तिरुवनंतपुरम पर अफरा-तफरी की स्थिति है। सैकड़ों की संख्या में यात्री या तो हवाई अड्डों पर फंस गए हैं या उनकी उड़ानें अनिश्चित काल के लिए टाल दी गई हैं।
‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ और ‘नो-फ्लाई जोन’
तनाव की शुरुआत तब हुई जब इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ शुरू किया। इसके बाद ईरान की कड़ी जवाबी चेतावनियों ने पूरे खाड़ी क्षेत्र को हाई अलर्ट पर ला दिया है। सुरक्षा और एहतियात के तौर पर ईरान, इज़राइल, इराक, यूएई, जॉर्डन और सीरिया ने अपने हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, जिससे यह पूरा इलाका ‘नो-फ्लाई जोन’ में तब्दील हो गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, इस भू-राजनीतिक अस्थिरता के कारण केवल शनिवार को ही लगभग 444 उड़ानें रद्द होने की आशंका थी।
दिल्ली IGI एयरपोर्ट
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सबसे ज्यादा अफरा-तफरी का माहौल है। सऊदी अरब जाने वाले एक फंसे हुए यात्री ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, 'हम 14 घंटे से इंतजार कर रहे हैं। मेरी फ्लाइट रद्द हो गई है और हमें अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। यह स्थिति बेहद मुश्किल है।'
बेंगलुरु केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
बेंगलुरु में स्थिति तनावपूर्ण रही, जहां अबू धाबी, बहरीन और इटली जाने वाले यात्रियों को अंतिम समय में फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिली। एयरलाइन स्टाफ ने स्पष्ट किया है कि जब तक संघर्ष विराम नहीं होता, उड़ानों का संचालन अनिश्चित है। यात्रियों की सहायता के लिए प्रबंधन ने टर्मिनल 2 पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किया है।
मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट
मुंबई में स्थिति बदतर है। यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के हवाई अड्डे पर रोक दिया गया। बहरीन के रास्ते अमेरिका जा रहे एक यात्री ने कहा, 'हमें कोई मैसेज या कॉल नहीं आया। घंटों से फंसे हैं और रीबुकिंग को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है।' हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइन से स्थिति की पुष्टि जरूर करें।
कोलकाता और तिरुवनंतपुरम
कोलकाता से दोहा, दुबई और अबू धाबी जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिससे कई विदेशी नागरिक भी भारत में फंस गए हैं। तिरुवनंतपुरम में भी 28 फरवरी से 1 मार्च के बीच कई प्रमुख उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। DGCA यात्रियों की सहायता के लिए एयरलाइनों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
ये भी पढ़ें - दुबई में बाल-बाल बचीं पीवी सिंधू,कोच के पास गिरा मलबा;दुबई हादसे की दिल दहला देने वाली आपबीती
एअर इंडिया और इंडिगो ने किया उड़ानों में बदलाव
तेजी से बदलते हालातों को देखते हुए एअर इंडिया ने अपनी अंतरराष्ट्रीय सेवाओं में भारी कटौती की है। 1 मार्च को संचालित होने वाली मुंबई-लंदन, दिल्ली-बर्मिंघम, दिल्ली-मिलान, बेंगलुरु-लंदन सहित कई प्रमुख मार्ग की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
एअर इंडिया ने खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था में सहायता की जा रही है।
वहीं, इंडिगो ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और हर निर्णय सुरक्षा को प्राथमिकता देकर लिया जा रहा है।
कतर एयरवेज ने भी कतर के हवाई क्षेत्र के अस्थायी रूप से बंद होने के कारण अपनी सभी सेवाएं निलंबित कर दी हैं।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 1 March 2026 at 13:10 IST