चाय बेचने वाले का बेटा बना कमर्शियल टैक्स अधिकारी, UPPCS में हासिल की 82वीं रैंक; पूरा गांव हुआ भावुक
Sunil Maurya Story: चाय बेचने वाले पिता के बेटे सुनील मौर्य ने UPPCS में 82वीं रैंक हासिल कर सभी को हैरान कर दिया। कौशांबी के सिराथू के रहने वाले सुनील ने आर्थिक तंगी के बावजूद अफसर बनकर दिखाया। पढ़ें इंस्पायरिंग सक्सेस स्टोरी।
UPPSC PCS Final Result 2024: सिराथू नगर की गलियों में चाय की छोटी दुकान चलाने वाले ननका मौर्य का बेटा आज यूपीपीएस अधिकारी बन गया है। सुनील मौर्य ने UPPCS परीक्षा में 82वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार का सपना पूरा कर दिखाया। पूरे इलाके में सुनील मौर्य की कामयाबी को लेकर खुशी मनाई जा रही है। सुनील का जन्म एक साधारण परिवार में हुआ, पिता ननका मौर्य सुबह से शाम तक चाय-नाश्ता बेचकर परिवार का गुजारा चलाते हैं।
सुनील के घर में आर्थिक तंगी हमेशा रही, लेकिन इसके बाद भी सुनील ने कभी पढ़ाई से समझौता नहीं किया। इसलिए अब जाकर उनकी मेहनत रंग लाई और अब सुनील कमर्शियल टैक्स अधिकारी (CTO) पद पर नियुक्त होने जा रहे हैं।
सुनील की सफलता से इलाके में जश्न का माहौल
सिराथू नगर पंचायत में इन दिनों जश्न का माहौल है। सुनील की मां और छोटे भाई-बहन की आँखों में खुशी के आंसू दिखे। सुनील घर के सबसे बड़े बेटे हैं। उनके छोटे भाई और बहन अभी स्कूल-कॉलेज में पढ़ रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे परिवार को नई उम्मीद दी है।
सुनील ने अपनी शुरुआती शिक्षा कौशांबी के सिराथू स्थित एसएवी इंटर कॉलेज से पूरी की। उन्होंने 2014 में हाईस्कूल और 2016 में इंटरमीडिएट पास किया। इसके बाद आगे की तैयारी के लिए वे प्रयागराज चले गए। वहां कोचिंग करते हुए दिन-रात एक कर दिया। बाद में लखनऊ में भी रहकर उन्होंने UPPCS की तैयारी की।
सुनील ने कभी हार नहीं मानी
आर्थिक परेशानियों के बावजूद सुनील ने कभी हार नहीं मानी। वे अक्सर कहते थे कि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। आज उनका यही विश्वास साबित हो गया है। सुनील की कहानी उन लाखों युवाओं के लिए मिसाल है जो गरीबी और कम संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। यह साबित करता है कि सही दिशा और लगन से कोई भी मुश्किल लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। सुनील मौर्य की यह सफलता न सिर्फ कौशांबी जिले की शान है, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के उन माता-पिता के लिए प्रेरणा है जो अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए रोज संघर्ष करते हैं।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 30 March 2026 at 23:02 IST