अपडेटेड 1 November 2025 at 21:31 IST
'मेरे पास 15 लाख करोड़ रुपए, नहीं कर पा रहा खर्च...', नागपुर में नितिन गडकरी ने ऐसा क्यों कहा?
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारत में पैसों की कमी नहीं है, बल्कि काम करने वालों की कमी है। उन्होंने कहा कि उनके पास 15 लाख करोड़ रुपये पड़े हुए हैं, लेकिन वे इसे खर्च नहीं कर पा रहे हैं।
Nitin gadkari on money: नागपुर में एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्री डेवलपमेंट की तरफ से आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि, भारत में पैसों की कमी नहीं है, बल्कि काम करने वालों की कमी है। उन्होंने कहा- 'मेरे पास 15 लाख करोड़ रुपये पड़े हुए हैं, लेकिन मैं इसे खर्च नहीं कर पा रहा हूं। काम करने वालों की कमी है, पैसा है मार्केट में, जाओ तो लोग पैसा लेकर खड़े हैं।'
नितिन गडकरी ने कहा कि जब आप काम की शुरुआत करोगे, तब आपको पता चलेगा कि इतने लोग आएंगे, इतने जॉब क्रिएट होंगे कि आप दे नहीं पाओगे। उन्होंने कहा कि भारत में इतना पोटेंशियल है कि अगर काम शुरू किया जाए तो देश की तस्वीर बदल सकती है।
नितिन गडकरी ने आर्थिक विकास पर दिया जोर
नितिन गडकरी ने कहा कि भारत को आर्थिक विकास के लिए काम करने की आवश्यकता है। सरकार के पास पैसा है, लेकिन काम करने वालों की कमी है। उन्होंने उद्योगपतियों से आग्रह किया कि वे आगे आएं और देश के विकास में योगदान करें।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का बयान भारत में आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे के विकास के महत्व को रेखांकित करता है। उनके बयान से यह स्पष्ट होता है कि सरकार के पास पैसा है, लेकिन काम करने वालों की कमी है। अब यह देखना होगा कि सरकार और उद्योगपति मिलकर देश के विकास के लिए क्या कदम उठाते हैं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आने वाले 5 सालों में 5 लाख नए रोजगार खड़े करने के संकल्प का आह्वान किया, साथ ही कहा कि हम इकोनामिक ग्रोथ में योगदान दें ,इससे इकोनॉमी की ग्रोथ होगी, इससे नागपुर शहर को स्मार्ट शहर बना पाएंगे। अनेक गांवों को विकसित कर पाएंगे।
मंत्री गडकरी ने किस बात पर कहा कि, 'मैं क्यों गाली खाऊं'
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि उन्होंने नेशनल हाइवे पर होर्डिंग लगाने का निर्देश दिया है, जिन पर क्यूआर कोड छपे होंगे। इन क्यूआर कोड को स्कैन करके राहगीर उस सड़क के निर्माण और देखरेख से संबंधित ठेकेदार, कंसल्टेंट और सरकारी अधिकारियों के बारे में जान सकेंगे। इनके बारे में नाम और पदनाम के साथ विवरण शामिल होंगे।
गडकरी ने कहा कि मैं क्यों गाली खाऊं। क्यूआर कोड में सड़क बनानेवाले और उनको सत्यापित करनेवाले लोगों की जानकारी शामिल रहेगी। अगर लोगों को कहीं सड़क खराब नजर आए तो वे सोशल मीडिया पर शिकायत करें, उसे गंभीरता से लिया जाएगा। हम सड़क निर्माण की शुरुआत से लेकर उसके पूरा होने तक की जिम्मेदारी, गंभीरता और सकारात्मक रवैया अपनाने पर जोर दे रहे हैं। सड़कें अच्छी होनी चाहिए और लंबे समय तक अच्छी रहनी चाहिए।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 1 November 2025 at 19:39 IST