महज 120 मीटर की दूरी से टला बड़ा हादसा... जब एक ही पटरी पर आमने-सामने आ गई दो लोकल ट्रेनें, यात्रियों में मचा हड़कंप; VIDEO
Mumbai news: बदलापुर से आ रही लोकल ट्रेन उस प्लेटफॉर्म पर पहुंच गई, जहां पहले से दूसरी ट्रेन खड़ी थी। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। महज थोड़ी दूर से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
Mumbai News: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) स्टेशन पर मंगलवार (21 अप्रैल) एक बड़ा रेल हादसा टल गया। स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक दो लोकल ट्रेनें एक ही पटरी पर आमने-सामने आ गईं। इस दौरान लोको पायलट की सूझबूझ और रेड सिग्नल की वजह से टक्कर टल गई। दोनों ट्रेनों के बीच महज 120 मीटर की दूरी थी।
पहले से पटरी पर खड़ी थी एक ट्रेन
घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:18 बजे की बताई जा रही है। हुआ कुछ यूं कि बदलापुर से आ रही एक लोकल ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर जाना था, लेकिन उसे गलती से प्लेटफॉर्म नंबर 5 की पटरी पर भेज दिया गया। इस दौरान पहले से ही पटरी पर एक दूसरी लोकल ट्रेन खड़ी हुई थी।
लोको पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
जैसे ही बदलापुर लोकल आगे बढ़ने लगी, लोको पायलट ने देखा कि पटरी पर पहले से एक ट्रेन खड़ी है। वहीं, उस समय ट्रैक पर लगा ‘इंटरनल होम सिग्नल’ रेड था, जिसके चलते मोटरमैन ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को रोक दिया। गनीमत रही कि ट्रेन समय रहते रुक गई और बड़ा हादसा होने से टल गया। जब ट्रेन रुकी तो दोनों के बीच की दूरी लगभग 120-130 मीटर थी।
यात्रियों को हुई परेशानी
इस घटना के चलते ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुई। प्लेटफॉर्म नंबर 5 से 8 तक की ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेनों को पीछे लेकर ट्रैक को क्लियर कराया गया। इस दौरान ट्रेन में मौजूद यात्री काफी घबरा गए थे। वहीं, हजारों यात्रियों को देरी और असुविधा का भी सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य रेलवे ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए।
बता दें कि ऐसा लगातार दूसरे दिन हुआ जब मध्य रेलवे के यात्रियों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। एक दिन पहले ही ठाणे के डोंबिवली स्टेशन के पास कार शेड से निकल रही एक खाली ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया था, जिसकी वजह से घंटों तक यातायात बाधित रहा था।
यह भी पढ़ें: लड़की ने बॉयफ्रेंड को घर बुलाया, विदेशी स्टाइल प्रपोजल के बहाने आंखों पर बांधी पट्टी, हाथ-पैर बांधे और जिंदा जला डाला
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 22 April 2026 at 07:41 IST